
पुलिस गिरफ्त में आरोपी।
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
दुबई से नागौर के खूनखुना थाना क्षेत्र में सूफिया मोहल्ला स्थित अपने घर लौटे व्यक्ति को फर्जी सीबीआई अधिकारी बनकर दिनदहाड़े अगवा कर रास्ते में मारपीट की गई। किडनैपर्स ने दुबई रिटर्न अगवा व्यक्ति के परिजनों से 70 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। इस मामले में नागौर जिला पुलिस और जयपुर ईस्ट पुलिस ने ज्वाइंट ऑपरेशन कर 3 आरोपियों को आगरा रोड जयपुर और 1 आरोपी को वजीरपुर सवाई माधोपुर से डिटेन कर एक एयर गन बरामद की है।
CBI अधिकारी बनकर आए 4-5 व्यक्तियों ने युसूफ को घर से उठाया
नागौर एसपी राममूर्ति जोशी ने बताया कि मंगलवार को सुफिया मोहल्ला शेरानी आबाद निवासी शब्बीर अहमद द्वारा थाना खुनखुना पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई। रिपोर्ट में बताया कि आज दोपहर 1:30 बजे दुबई से आया उसका भाई युसूफ घर में सो रहा था। तभी मारुति अर्टिगा गाड़ी लेकर आए 4-5 व्यक्ति सीबीआई अधिकारी बनकर जबरदस्ती उसके भाई को गाड़ी में पटक कर खाटू की ओर चले गए। तब से उसके भाई का मोबाइल बंद आ रहा है।
बदमाशों का पीछा कर परबतसर पहाड़ी के जंगलों में सर्च ऑपरेशन चलाया
सूचना मिलते ही एएसपी विमल सिंह, सीओ गोमाराम, एसएचओ खुनखुना बनवारी लाल, एसएचओ खाटू बड़ी गणेशराम मय टीम के मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण कर तुरंत जिलेभर में नाकाबंदी करवाई गई। पुलिस टीमों ने सभी संभावित ठिकानों पर दबिश दी। सारे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। लगातार 14 घंटे फील्ड इंटेलिजेंट से प्राप्त इनपुट और साइबर तकनीकी से बदमाशों का पीछा कर परबतसर के पहाड़ी के जंगलों में सर्च अभियान चलाया गया।
बुधवार सुबह मांगी गई फिरौती
बुधवार अलसुबह करीब 4:15 बजे किडनैपर्स ने अगवा व्यक्ति के परिजनों को कॉल कर फिरौती की मांग की। फिरौती के लिए किडनैपर्स ने चाय की थड़ी पर काम करने वाले से मोबाइल लेकर कॉल किया था। लोकेशन जयपुर के कानोता क्षेत्र की आने से जयपुर ईस्ट पुलिस की मदद से अल सुबह से दोपहर तक जॉइंट ऑपरेशन चलाया गया।
जयपुर में 52 फुट हनुमान प्रतिमा के पास घेराबंदी कर 3 आरोपी पकड़े, किडनैप यूसुफ को छुड़ाया
किडनैपर्स ने कानोता नदी क्षेत्र में सुनसान जगह पर रात को अपह्रत यूसुफ को बंधक बनाकर रखा था। अल सुबह फिरौती के लिए परिजनों को कॉल किया था। नागौर पुलिस और जयपुर की थाना बस्सी,कानोता पुलिस और डीएसटी के 50 से अधिक पुलिस कर्मियों की टीमों ने आगरा रोड से 20 किलोमीटर दायरे में बारीकी से जॉइंट ऑपरेशन कर सर्च और तलाशी अभियान चलाया। दोपहर को 52 फुट हनुमान प्रतिमा के पास घेरा बंदी कर 3 आरोपियों को दस्तयाब कर अपह्रत यूसुफ को सकुशल छुड़ाया गया।
इन 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया
आगरा रोड जयपुर से विश्वेंद्र जाट पुत्र कुम्हेर, जोगेंद्र जाट पुत्र जगदीश निवासी शेरपुर थाना सूरौठ जिला करौली और विक्रम जाट पुत्र श्याम शील निवासी चांदीला थाना हिंडौन जिला करौली और वजीरपुर से चौथे आरोपी अनिल जाट निवासी वजीरपुर जिला सवाई माधोपुर को गिरफ्तार किया गया।
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

















