
प्रेसवार्ता में बोलते सचिन पायलट
– फोटो : Amar Ujala Digital
विस्तार
कांग्रेस के दिग्गज नेताओं में शुमार सचिन पायलट ने रविवार सुबह प्रेसवार्ता में अपनी ही सरकार के खिलाफ धरने का ऐलान कर दिया है। पायलट ने कहा कि ज्योतिबा फुले जयंती के अवसर पर 11 अप्रैल को शहीद स्मारक पर एक दिन का धरना दूंगा। पायलट ने कहा ये एक दिन का अनशन रहेगा। मैंने प्रशासन को इसके लिए सूचित कर दिया है।
सचिन पायलट ने जयपुर में सिविल लाइंस स्थित अपने सरकारी निवास पर प्रेस कांफ्रेंस कर प्रदेश की गहलोत सरकार को जमकर घेरा और पिछली वसुंधरा सरकार के समय हुए घोटाले और भ्रष्टाचार के मामलों की जांच नहीं करने पर सवाल खड़े किए। पायलट ने कहा कि मैंने आलाकमान को भी यह सुझाव दिया था, जिस पर अभी तक कंप्लीमेंटेशन नहीं हुआ है। पायलट बोले अब इसी मुद्दे को लेकर मैं जयपुर के शहीद स्मारक पर 11 अप्रैल को एक दिन का अनशन दूंगा। पायलट सुबह 11 बजे से अनशन पर बैठेंगे।
पायलट ने कहा कि मैंने सीएम को चिट्ठियां लिखीं लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। जनता में मैसेज देना ज़रूरी है कि कांग्रेस और बीजेपी में मिलीभगत नहीं है। पायलट बोले मैंने कांग्रेस आलाकमान को जो सुझाव दिए, राहुल गांधी को सुझाव दिए, उनमें ये एक यह भी था।
पिछली वसुंधरा सरकार पर घोटाले के आरोप
सचिन पायलट ने पिछली वसुंधरा सरकार पर घोटाले के आरोप लगाए। कहा कि वसुंधरा जी का कार्यकाल सबसे भ्रष्ट था। विपक्षी कुछ पार्टियां भ्रम फैला सकती हैं कि कांग्रेस और बीजेपी में मिलीभगत है। मैंने 28 मार्च और 2 नवम्बर 2022 को सीएम गहलोत को दो अलग-अलग लेटर लिखकर उन घोटालों की जांच कराने की मांग की, लेकिन आज तक उनका जवाब नहीं मिला है।
मीडिया के सामने रखे वीडियो
पायलट ने सीएम गजलोत के पुराने दर्जनों वीडियो बयान मीडिया को दिखाए, जिसमें वह पिछली बीजेपी की वसुंधरा सरकार के घोटाले और वसुंधरा मॉडल में 10 रुपये का शेयर एक लाख रुपये में बिकने के आरोप लगाते नज़र आ रहे हैं। रिफाइनरी प्रोजेक्ट को रोकने, कारपेट घोटाला करने जैसे भी आरोप इसमें शामिल रहे।
गहलोत से जांच की मांग की पर नहीं मिला जवाब
पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने अशोक गहलोत के पुराने प्रेसवार्ता के वीडियो जारी कर कहा कि तब गहलोत ने खुद खान महाघोटाला, भ्रष्टाचार, 90 बी घोटाला समेत कई घोटाले के आरोप पिछली बीजेपी सरकार पर लगाए थे। गहलोत ने कहा था कि कांग्रेस सरकार आएगी तो जांच करवाएंगे आरोपी जेल में होंगे, लेकिन जांच नहीं करवाई जा रही। अवैध खनन, बजरी माफिया, शराब माफिया मामले में भी कार्रवाई की बात की थी। वसुंधरा सरकार पर तब आरोप लगाए थे, लेकिन कोई जांच नहीं करवाई गई।
केंद्र सरकार पर विपक्ष को टारगेट करने का आरोप
पायलट ने कहा कि केंद्र सरकार विपक्ष के नेताओं को टारगेट कर रही है। ईडी, इनकम टैक्स, CBI जैसी तमाम एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है। कांग्रेस नेताओं पर मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं और उन्हें समन भेजे जा रहे हैं। पेशियां लग रही हैं, लेकिन राजस्थान में हमारी ही कांग्रेस सरकार अपनी एजेंसियों का उपयोग और सदुपयोग तक नहीं कर रही है। बीजेपी की पिछली सरकार के भ्रष्टाचार की कोई जांच नहीं करवाई जा रही है। मेरे दो पत्रों का कोई जवाब तक नहीं दिया, जबकि सरकार के साढ़े 3 साल होने पर ही मैंने सीएम को इसकी मांग करते हुए पत्र लिखना शुरू कर दिया था। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम जनता को यह पता चलना चाहिए।
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

















