
सांकेतिक तस्वीर
– फोटो : अमर उजाला।
विस्तार
राजस्थान के उदयपुर में नौ साल की आदिवासी बच्ची की निर्मम हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यह घटना मावली थाना क्षेत्र के लोपड़ा गांव की है। हत्या की वारदात को अंजाम देने वाले दरिंदों ने मासूम के करीब 10 टुकड़े कर दिए। पुलिस ने इस मामले में आधा दर्जन संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
जानकारी के मुताबिक, लोपडा गांव में रहने वाली आदिवासी समाज की नौ साल की मासूम बच्ची 27 मार्च की शाम को अपने घर से लापता हो गई। पहले तो परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी तलाश की। लेकिन जब उसका कहीं पता नहीं चला तो उन्होंने मावली थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। शनिवार शाम को घर से कुछ ही दूरी पर एक खंडहर से बदबू आने पर लोग वहां पर पहुंचे। जहां लोगों ने तीन कट्टों में शव को देखा। ग्रामीणों ने इसकी सूचना मावली थाना पुलिस को दी।
तीन कट्टों में मिले बच्ची के दस टुकड़े
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कट्टों की तलाशी ली तो उसमें बच्ची का अलग-अलग टुकड़ों में कटा हुआ शव मिला। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। साथ ही डॉग स्क्वाड और एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने आवश्यक मौका तस्दीक कर मासूम के शव को महाराणा भूपाल चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया। वहीं, बच्ची की निर्मम हत्या के बाद लोपड़ा सहित आसपास के ग्रामीणों और आदिवासी समाज के लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया है। लोपड़ा गांव में सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।
गांव में अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात
लोगों की बढ़ती संख्या को देखते हुए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है। वहीं, आईजी अजय पाल लांबा, एसपी विकास शर्मा, एएसपी ग्रामीण मुकेश सांखला सहित पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझा कर मामले को शांत करने का प्रयास किया। इस दौरान ग्रामीणों ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की।
पुलिस ने मामले पर साधी चुप्पी
इसके बाद मामले में पुलिस ने प्राथमिक कार्रवाई कर आधा दर्जन संदिग्धों को हिरासत में लिया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। हालांकि इस पूरे मामले में पुलिस पूरी तरह से चुप्पी साधे हुए हैं। लेकिन ग्रामीणों द्वार दुष्कर्म के बाद हत्या या मासूम का अपहरण कर नरबलि की आशंका व्यक्त की जा रही है। वहीं, पुलिस द्वारा पूरे मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहने की बात कही जा रही है।
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

















