
RTH के विरोध में जयपुर में JCB लेकर सड़क पर उतरे डॉक्टर
– फोटो : अमर उजाला डिजिटल
विस्तार
प्रदेश में राइट टू हेल्थ के विरोध में प्राइवेट डॉक्टर्स के साथ ही सरकारी मेडिकल कॉलेजों के रेजीडेंट डॉक्टर्स भी कार्य बहिष्कार और हड़ताल कर आंदोलन में शामिल हैं। राजधानी जयपुर में गुरूवार को डॉक्टर्स ने जेसीबी मशीन को सड़क पर खड़ा कर राइट टू हेल्थ बिल का विरोध किया। प्राइवेट हॉस्पिटल और मेडिकल कॉलेजों के अलावा सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पतालों में पोस्टेड रेजीडेंट डॉक्टर्स भी इस आंदोलन में शामिल हैं। डॉक्टर्स की हड़ताल और कार्य बहिष्कार के कारण अब मरीजों की जान पर बन चुकी है। रेजीडेंट डॉक्टर्स की हड़ताल ने परेशानी को और बढ़ा दिया है।
जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, कोटा, अजमेर में रेजीडेंट डॉक्टर्स ने सड़कों पर किया प्रदर्शन
जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, कोटा, अजमेर के सम्भागीय मुख्यालयों पर प्राइवेट डॉक्टर्स के साथ सरकारी रेजीडेंट डॉक्टर्स ने भी सड़कों पर विरोध प्रदर्शन किया। कार्य बहिष्कार करने और मरीजों को नहीं देखने के कारण इन जिलों के अस्पतालों में 300 से ज्यादा मरीजों के ऑपरेशन टालने पड़े हैं। राजधानी जयपुर में प्रदर्शनकारी डॉक्टर्स ने सड़कें जाम करने की कोशिश की और इस दौरान कई राहगीरों और वाहनचालकों से धक्का-मुक्की, बदसलूकी की घटनाएं भी हुईं।
जयपुर में जेसीबी लेकर जेएलएन मार्ग पर लगाया जाम
जयपुर में गुरूवार दोपहर 12 बजे रेजीडेंट डॉक्टर्स बैनर लेकर एसएमएस हॉस्पिटल पहुंचे। वहां से रैली निकालकर जेएलएन मार्ग को जाम कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंची। लेकिन कुछ ही देर में डॉक्टर्स सड़क पर जेसीबी लेकर पहुंच गए और नारेबाजी की। विरोध-प्रदर्शन के बीच सड़क से गुजर रही गाड़ियों को भी रोका गया। इस दौरान कुछ वाहन चालकों, कैब ड्राइवर्स से डॉक्टर्स उलझते और धक्का-मुक्की करते भी दिखाई दिए। पुलिस ने समझा-बुझाकर मामला शांत करवाकर विवाद को रोका। कुछ देर प्रदर्शन के बाद पुलिस ने रास्ता भी खुलवाया।
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

















