Rajasthan: पाकिस्तान की जेल से आज दो साल बाद वतन वापसी करेगा गेमाराराम, जानें किस डर से लांघ गया था बॉर्डर

0
19
गेमराराम मेघवाल

गेमराराम मेघवाल
– फोटो : Amar Ujala Digital

विस्तार

दो साल पहले भूलवश अंतरराष्ट्रीय सीमा पार करके पाकिस्तान पहुंचे सीमावर्ती बाड़मेर क्षेत्र के युवक गेमराराम मेघवाल की रिहाई और सुरक्षित भारत वापसी सुनिश्चित हो गई है। मामला राजस्थान बाड़मेर जिले के सेड़वा पुलिस थाना इलाके के गांव सज्जन का पार का है। यहां पर युवक गेमराराम मेघवाल अपनी प्रेमिका से मिलने गया था, जहां लोगों ने उसे देख लिया। पकड़े जाने और बदनामी के डर से वह भागकर भारत-पाकिस्तान सीमा लांघ गया था।

गेमराराम मेघवाल चार नवंबर 2020 को सीमा पार कर पाकिस्तान चला गया था। उसका गांव भारत-पाक सीमा से महज दो किलोमीटर पहले स्थित है। गेमराराम के परिवार ने गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई थी। इसके बाद पुलिस और बीएसएफ ने उसकी तलाश शुरू की तो पता चला कि वो पाकिस्तान की जेल में है। पाकिस्तान सीमा में उसे रेंजर्स ने पकड़ लिया था। उसके खिलाफ 24 अप्रैल 2021 को पाकिस्तान के करांची के मीठादार थाने में मामला दर्ज कराया गया था।

छह महीने की सुनाई गई थी सजा

इस बीच 21 अगस्त 2021 को पाकिस्तान में कराची दक्षिण के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश अदालत ने गेमराराम मेघवाल को छह महीने की सजा सुनाई। अदालत ने निर्देश दिया कि सजा पूरी होने के बाद ही उसे भारत भेजा जाएगा। गेमराराम पर दस हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया। जुर्माना राशि न भरने की स्थिति में उसे 15 दिन की अतिरिक्त सजा काटनी होगी।

जेल से भेजी थी चिट्ठी

गेमराराम के परिवार को हाल ही में उसका एक पत्र मिला है, जिसमें गेमराराम ने अपने परिवार के साथ पाकिस्तान में अपनी स्थिति साझा की है। उसने अपने परिवार को सूचित किया है कि वो पाकिस्तान की जेल में है, जहां बहुत सारे भारतीय मछुआरे भी हैं। बताया गया है कि यह चिट्ठी भी पाकिस्तानी जेल से रिहा हुए मछुआरों के साथ आई है।

मंत्री कैलाश चौधरी ने जताई खुशी

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री कैलाश चौधरी ने संसदीय क्षेत्र बाड़मेर के लोगों को बड़ी खुशखबरी देते हुए बाड़मेर के लोगों को बधाई दी। केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी ने बताया कि गेमराराम को आज भारत-पाकिस्तान की वाघा बॉर्डर पर लाकर भारतीय अधिकारियों को सुपुर्द किया जाएगा। यह बाड़मेर जैसलमेर के आमजन के लिए सुखद समाचार है। 

This News is Updated by Khabre Fatafat
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here