
सीएम के गृहजिले जोधपुर में बदमाशों ने घर में फेंके दो जलते पेट्रोल बम
– फोटो : सोशल मीडिया।
विस्तार
मुख्यमंत्री और गृहमंत्री अशोक गहलोत के खुदके गृह जिले जोधपुर में भी कानून व्यवस्था के हालात ठीक नहीं हैं। दो अज्ञात बदमाश आधी रात एक घर में जलते पेट्रोल बम फोड़कर मोटरसाइकल से रफूचक्कर हो गए। इससे घर के साथ ही कॉलोनी के लोगों में भी दहशत फैल गई। मामला जोधपुर शहर के देव नगर थाना क्षेत्र के मसूरिया भाटों का बास में 11 और 12 फरवरी की करीब साढ़े 3 बजे का है। पीड़ित पक्ष की ओर से देवनगर पुलिस थाने में सोमवार को मामला दर्ज करवाया गया।
CCTV फुटेज आया सामने
पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक तौर पर यह मामला रुपयों के लेन-देन के विवाद का नज़र आ रहा है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को मिल गया है। जिसमें दो अज्ञात मोटरसाइकल सवार घर के कुछ आगे मोटरसाइकिल लगाकर खड़े होते हैं, फिर पेट्रोल बम की दो बोतल एक युवक अपने पास से निकालता है। एक-एक कर दोनों बोतलों में आग लगाई जाती है। फिर दोनों बदमाश एक-एक बोतल बम अपने हाथ में पकड़ कर घर के सामने जाते हैं और एक-एक कर दोनों बदमाश घर में जलते हुई पेट्रोल बम की बोतलें फेंक देते हैं। इसके बाद बिना देरी के दोनों मोटरसाइकिल से फरार हो जाते हैं।
घर की दीवारें काली हो गईं, चारों तरफ कांच की बोतल फूटकर बिखर गई
ये घटना जोधपुर शहर के देव नगर थाना क्षेत्र के मसूरिया भाटों का बास में हुई। पीड़ित पक्ष की ओर से सोमवार को दर्ज कराए गए मामले के मुताबिक पुलिस इसे प्रारंभिक तौर पर रुपए के लेन-देन से जुड़े विवाद में डराने के लिए की गई वारदात मानकर चल रही है। मामले में पीड़ित महिला उर्मिला राठी ने रिपोर्ट देकर बताया कि 11 फरवरी की रात लगभग 3.30 पर कुछ अज्ञात व्यक्ति बाइक पर आए और उन्होंने मेरे घर पर पेट्रोल बम बनाकर फेंक दिया। इस हमले से धमाका हुआ, घर की दीवारें काली हो गई हैं और घर के अंदर चारों तरफ कांच की बोतल फूटकर बिखर गई। पुलिस अब बाइक के नंबरों, बदमाशो के हुलिए और अभय कमांड में रिकॉर्ड शहर की सड़कों के अन्य सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश कर रही है।
पहले लगा कोई शादी का आतिशी पटाखा आकर गिर गया होगा
धमाके की आवाज सुनकर डरी शिकायतकर्ता ने बताया कि हादसे के वक्त घर के अंदर और बाहर भी कई वाहन रखे थे। घर के अंदर उनका अंदर बेटा पढ़ाई कर रहा था। अचानक धमाके की आवाज सुनकर घरवाले गेट खोलकर बाहर आए, तो देखा यहां कुछ जल रहा था। पहले लगा जैसे कोई शादी में हुई आतिशबाजी का पटाखा जलता हुआ आ गया होगा, लेकिन जब कांच की बोतलें बिखरी हुई मिलीं, तो शिकायत दर्ज कराई।
जल्द ही बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा- एसीपी
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर जोधपुर के प्रतापनगर एसीपी प्रेम कुमार ने बताया प्रारंभिक तौर पर पैसों के लेनदेन की वजह सामने आई है। जल्द ही बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा।
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

















