Jodhpur: राजस्थान की मशहूर इवेंट एंकर अंकिता शर्मा की सड़क हादसे में मौत, ओवरटेक करने में ट्रक से टकराई गाड़ी

0
45
एंकर अंकिता शर्मा की हादसे में मौत

एंकर अंकिता शर्मा की हादसे में मौत
– फोटो : social media

विस्तार

जोधपुर शहर की फेमस इवेंट एंकर अंकिता शर्मा सहित उनकी कार के ड्राइवर की सड़क हादसे में मौत हो गई।

अंकिता ने रविवार को पाली के रणकपुर में एक मैरिज इवेंट को होस्ट किया था। इवेंट के बाद देर रात एक बजे फॉर्च्यूनर से बीकानेर के लिए रवाना हुई थीं। इस दौरान उन्होंने इंस्टाग्राम पर पोस्ट डाली थी- नेक्स्ट डेस्टिनेशन रणकपुर टू बीकानेर।

बता दें कि बीकानेर में अंकिता एक वेडिंग इवेंट होस्ट करने जा रहीं थीं। इवेंट में पहुंचने से पहले ही सुबह करीब पांच बजे जोधपुर-नागौर नेशनल हाईवे-62 पर खींवसर के पास उनकी फॉर्च्यूनर सामने से आ रहे ट्रक से भिड़ गई। इस हादसे में जोधपुर के पुराना शहर इलाके के जूनी मंडी इलाके में रहने वाली अंकित शर्मा (35) और उनके ड्राइवर इमरान खान (38) पुत्र अब्दुल सैयद की मौत हो गई।

लोगों के मुताबिक हादसा ओवरटेक करने की कोशिश में हुआ। इस दौरान सामने से आ रहे ट्रक से फॉर्च्यूनर सीधे भिड़ गई। अंकिता ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि ड्राइवर इमरान ने इलाज के दौरान खींवसर सीएचसी में दम तोड़ा। दोनों जोधपुर के रहने वाले थे। खींवसर पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए। अंकिता के पति कुलदीप शर्मा बैंक में सर्विस करते हैं। अंकिता का 14 साल का बेटा भी है। उनकी मौत से परिवार में कोहराम मचा है।

इंस्टाग्राम पर लिखा था- रेडी फॉर-3 शो

अंकिता सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती थीं। वह अक्सर अपनी हर गतिविधि को सोशल मीडिया के जरिए शेयर करती थीं। अंकिता ने हादसे से कुछ ही घंटे पहले रविवार को रणकपुर के होटल में स्टेटस पर लिखा था- रेडी फोर 3 शो। इसके अलावा जब वह जोधपुर से बीकानेर के लिए निकलीं तब भी यह जानकारी दी थी कि वह बीकानेर के लिए निकल गई हैं। ओवरनाइट जर्नी कर एक शादी निपटा कर दूसरे फंक्शन में एंकरिंग के लिए जा रही थीं। अंकिता सिर्फ जोधपुर ही नहीं बल्कि राजस्थान के कई शहरों में वेडिंग इवेंट में एंकरिंग करती थीं।

पहले स्कूल में डांस टीचर और फिर स्टेज एंकरिंग

अंकिता के करीबी बताते हैं कि वह शुरू से ही मेहनती थीं। पहले वह जोधपुर में ही एक प्राइवेट स्कूल में डांस टीचर थीं। इसके अलावा यूट्यूब के जरिए डांस स्टेप भी सिखाती थीं। पांच-छह साल पहले उन्होंने छोटे-बड़े शो में एंकरिंग करना शुरू किया था। बहुत जल्द ही उन्होंने इवेंट एंकरिंग में खास पहचान बना ली। वेडिंग इवेंट में एंकरिंग में उन्होंने महारथ पा ली थी। अंकिता कई बड़ी वेडिंग्स का हिस्सा बनी थीं।

कड़ी मेहनत से बनाया मुकाम

अंकिता ने एंकरिंग की दुनिया में अपना नाम बनाने के लिए कड़ी मेहनत की। दिन में भी स्कूल में काम करती और शाम को कई शादी समारोह की बुकिंग होती तो वह भी बतौर प्रजेंटर अटेंड करतीं। अंकिता ने एक बार सोशल मीडिया पर अपना दर्द भी शेयर किया था कि काम की अधिकता की वजह से वे अपने बेटे को ज्यादा समय नहीं दे पा रही हैं। अंकिता कई बार एक दिन में तीन से ज्यादा शो भी करती थीं। अंकिता पर घर की जिम्मेदारियां भी थीं।

नागौर रोड बन रही है मौत की रोड

जबसे नागौर रोड को नए तरीके से बनाया गया है तब से ही लगातार यहां एक्सीडेंट होते जा रहे है सैकड़ों लोग यहां एक्सीडेंट में मर चुके हैं। जोधपुर से बावड़ी तक तो फोर लेन बनी है, लेकिन बावड़ी के बाद ये रोड छोटी हो जाती है ज्यादा ट्रैफिक होने से ओवरटेक करना काफी मुश्किल हो जाता है और ओवरटेक करने के चक्कर में कई एक्सीडेंट हो चुके हैं। रोड को नया भी बनाया गया था और टोल शुल्क भी लागू कर दिया गया है, लेकिन रोड के बीच डिवाइडर नहीं होने से इस नई रोड का कोई मतलब नहीं रहा है। इसलिए इस रोड को फोरलेन करने की मांग है, ताकि हादसों की रोकथाम हो सके।

This News is Updated by Khabre Fatafat
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here