पर्यटन विभाग की ओर से रविवार शाम हवा महल नाइट फेस्टिवल का आयोजन किया गया। देश की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को सहेजने के लिए हवामहल उत्सव का आयोजन किया गया। इस फेस्टिवल का उद्देश्य देशी-विदेशी सैलानियों सहित जयपुर वासियों में विरासत के प्रति चेतना और उनके संरक्षण को बढ़ावा देना था। इस दौरान शहरवासियों के बीच जैसे ही मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पहुंचे तो जनता उत्साहित हो गई। मुख्यमंत्री ने भी जनता का हाथ हिलाकर अभिवादन किया।
रंग-बिरंगी रोशनी से सराबोर रहे रास्ते
हवामहल फेस्टिवल के दौरान लोक गीत, संगीत खानपान और मनोरंजन के साधन उपलब्ध रहे। पर्यटकों ने भी इनका खूब मजा लिया। रात 8:30 बजे से रात 12:00 बजे तक चले इस फेस्टिवल के जरिए नाइट टूरिज्म का विशेष आकर्षण देखने को मिला। बड़ी चौपड़ से लेकर जलेब चौक और ख्वासजी के रास्ते तक का क्षेत्र रंग-बिरंगी रोशनी से सराबोर रहा। इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी, आरटीडीसी के चैयरमैन धर्मेन्द्र सिंह राठौड़, मुख्य सचिव ऊषा शर्मा, पर्यटन विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़, विभाग की निदेशक डॉ. रश्मि शर्मा उपस्थित रहे।
सैलानियों ने जमकर की खरीदारी
गौरतलब है कि हवामहल बाजार के नाम से पहचाने जाने वाले क्षेत्र में जयपुर का सबसे दर्शनीय पर्यटन स्थल हवामहल तो मौजूद है ही और सवाई मानसिंह टाउन हॉल ( पुरानी विधानसभा), अयोध्या पोल ( जलेब चौक प्रवेश द्वार) क्षेत्र के मंदिर और हवेलियां जयपुर के इस बाजार को हेरिटेज वॉक वे कॉरिडोर का दर्जा देते हैं। इस हेरिटेज बाजार में खानपान के साथ सैलानियों ने जमकर खरीदारी भी की। हवा महल फेस्टिवल के दौरान शहरवासियों सहित विदेशी सैलानी लोक कलाकारों के साथ ताल से ताल मिलाते रहे।
मुख्यमंत्री ने सुना नगाड़ा वादन
सीएम गहलोत, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी, आरटीडीसी चैयरमैन धर्मेंद्र राठौड़ के बड़ी चौपड़ पहुंचने के साथ ही जयपुर ब्रास बैंड ने परंपरागत धुनों के साथ सभी का स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री गहलोत ने हवामहल पर नगाड़ा वादन सुना और आयोजन को लेकर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की। प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने कहा की इस तरह के आयोजनों से शहरवासियों में अपने हेरिटेज के प्रति जागरूकता पैदा होती है और अपने पर्यटन स्थलों के संरक्षण के प्रति उनमें गर्व और जिम्मेदारी का अहसास जागता है। वहीं, मुख्य सचिव ऊषा शर्मा ने पर्यटन विभाग के अधिकारियों के साथ बड़ी चौपड़ से लेकर अयोध्या पोल ( जलेब चौक) तक फेस्टिवल का अवलोकन किया।
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

















