
अलवर के खेड़ली में बीजेपी जनाक्रोश महासभा में अश्लील डांस पर एक्शन
– फोटो : सोशल मीडिया।
ख़बर सुनें
विस्तार
बीजेपी की जन आक्रोश महासभा के मंच पर मंगलवार को महिला डांसर के अश्लील डांस का वीडियो जमकर सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। खबर उजागर होने के बाद बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने एक्शन लेते हुए अलवर दक्षिण बीजेपी जिलाध्यक्ष संजय नरूका से रिपोर्ट तलब कर ली है। पूनिया ने इसे गम्भीर अनुशासन हीनता बताते हुए लैटर लिखा है।
पूनिया ने लैटर जारी कर यह लिखा
सतीश पूनिया ने गुरूवार को अलवर दक्षिण जिलाध्यक्ष को पत्र लिखकर कहा- ” सार्वजनिक माध्यमों से आपके जिले के खेड़ली कस्बे का एक प्रकरण मेरी जानकारी में आया है। जिमें बीजेपी जन आक्रोश महासभा के मंच पर एक महिला नृत्य करते हुए नजर आ रही है। इस हरकत के जरिए पार्टी की छवि को धूमिल करने की कोशिश की गई है। यह एक गम्भीर अनुशासन हीनता का मामला है। उस सभा के कौन-कौन आयोजक थे ? किसके निर्देशन में यह हुआ है ? पार्टी के मंचों पर इस तरह के आयोजन की कतई इजाज़त नहीं है। आपको निर्देश दिया जाता है कि इस मामले की पूरी जानकारी बिना देरी किए मुझे भिजवाएं। ”
सीनियर बीजेपी नेताओं की जानकारी में मामला
इस लैटर की कॉपी बीजेपी राजस्थान के प्रदेश प्रभारी और राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह, प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर, जयपुर सम्भाग प्रभारी मदन दिलावर और अलवर दक्षिण जिला प्रभारी विष्णु चेतानी को भी भेजी गई है। पार्टी नेतृत्व तक बीजेपी की जनाक्रोश महासभा में अश्लील डांस की खबरें और वीडियो पहुंचे गए हैं। सूत्रों के मुताबिक पार्टी हाईकमान ने भी इसे बेहद गम्भीरता से लेते हुए एक्शन लेने के निर्देश दिए हैं।
क्या है पूरा मामला ?
मंगलवार को अलवर के खेड़ली कस्बे में बीजेपी की जनाक्रोश महासभा में मंच पर ही अश्लील डांस हो गया। सभा में भीड़ जुटाने के लिए महिला डांसर को बुलाया गया था। जो पार्टी पदाधिकारियों की मौजूदगी में पहले जमकर नाची। फिर अश्लील भाव-भंगिमाओं के साथ डांस भी शुरू कर दिया।
नेताओं ने डांस पर कार्यकर्ताओं से तालियां भी बजवाईं
सभा में दिल्ली से आए बीजेपी सांसद रमेश विधुड़ी चीफ गेस्ट थे। सांसद के अलावा कई बीजेपी नेता भी कार्यक्रम में मौजूद थे। नेताओं ने डांस पर कार्यकर्ताओं से जमकर तालियां भी बजवाईं। कुछ कार्यकर्ता नाचने-झूमने भी लगे।
ये नेता कार्यक्रम में मौजूद रहे
मुख्य अतिथि सांसद रमेश बिधूड़ी के साथ ही भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष माधोराम चौधरी भी कार्यक्रम में थे। जबकि विशिष्ट अतिथि जिला अध्यक्ष संजय नरुका, पूर्व विधायक मंगलराम कोली, पूर्व विधायक रमेश खींची, मुन्नी देवी खोखर, कठूमर प्रधान संगम चौधरी, राजेश जाटव, सुमन चौधरी, रिचा भारद्वाज, पवन जैन, पूर्व सांसद रामस्वरूप कोली, जिला उपाध्यक्ष राजकुमार पंडा, नगरपालिका अध्यक्ष संजय गीजगढिया, जिला मंत्री हरिशंकर खंडेलवाल ने भी सभा को संबोधित किया था। मंडल अध्यक्ष शिवचरण , शिवलाल मीणा, रामोतार चौधरी, संयोजक ओमवीर फौजदार, सह संयोजक शेर सिंह मीणा ,राजेश लोहिया, प्रीति रानी, मंडल अध्यक्ष नरेंद्र शर्मा, गजेंद्र सिंह नरूका, सुनील बजाज, शेर सिंह मीणा सरपंच कठूमर, संयोजक आनंद शेखावत, रणवीर चौधरी, सतीश जैमन, हरिओम कटारा, निशा भारद्वाज, सुनीता मीणा, पंकज कटारा समेत कई कार्यकर्ता और पार्टी नेता इस दौरान मौजूद रहे।
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

















