Viswas Swaroopam: नाथद्वारा में दुनिया की सबसे ऊंची शिव प्रतिमा का लोकार्पण आज, शुरू होगी रामकथा

0
12
भरोसा हो तो विश्वास स्वरूप ले ही लेता है। श्रीजी की नगरी का एक दशक का विश्वास भी अब पूर्ण स्वरूप ले चुका है। शनिवार से इसका लोकार्पण समारोह प्रारंभ हो जाएगा। तत्पदम् उपवन की ओर से गणेश टेकरी पर निर्मित विश्व की सबसे ऊंची शिव प्रतिमा के लोकार्पण तथा संत कृपा सनातन संस्थान की ओर से आयोजित रामकथा महोत्सव के लिए राष्ट्रीय संत मोरारी बापू नाथद्वारा पहुंच चुके हैं। शनिवार को राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत समेत अन्य दिग्गजों की मौजूदगी में इस 369 फीट ऊंची शिव प्रतिमा का लोकार्पण होगा। 

विश्व की सबसे ऊंची शिव प्रतिमा के लोकार्पण महोत्सव का साक्ष्य बनने के लिए देश विदेश से बड़ी संख्या में श्रोता नाथद्वारा पहुंच चुके है। दीवाली के बाद भी श्रीजी नगरी में उत्सवी माहौल बना हुआ है। शनिवार शाम 4 बजे मोरारी बापू दुनिया की सबसे ऊंची शिव प्रतिमा का लोकार्पण करेंगे। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सी.पी. जोशी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ सतीश पुनिया, नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्रसिंह राठौड़, आरटीडीसी चैयरमेन धर्मेन्द्र राठौड़, गृह राज्यमंत्री राजेन्द्र यादव, गुलाबचंद कटारिया, चिदानंद स्वामी, योग गुरू बाबा रामदेव, राजसमंद सांसद दिया कुमारी, चित्तौड़गढ़ सांसद सी.पी. जोशी आदि भी शनिवार को इस ऐतिहासिक पल के साक्ष्य बनेंगे। आयोजकों की ओर से देर शाम तक भी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। दिग्गज हस्तियों के आवागमन को देखते हुए प्रशासन भी पूरी तरह चाक चौबंद है। राजसमंद जिला कलेक्टर निलाभ सक्सेना , जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी आदि प्रशासनिक अमले ने भी आयोजन स्थल का जायजा लेकर तैयारियों को परखा।

आकर्षक होगा व्यासपीठ

रामकथा को लेकर बनाई गई व्यासपीठ भी आकर्षण का केन्द्र होगा। व्यासपीठ पर हमेशा की तरह हनुमान प्रतिमा के साथ ही एक तरफ मंगला दर्शन की श्रीनाथ जी की छवि तथा दूसरी तरफ ब्रह्माण्ड की छवि उकेरी गई है। संत कृपा सनातन संस्थान की ओर से आयोजित नौ दिवसीय रामकथा के प्रथम दिन शनिवार को शाम 4 बजें रामकथा का आयोजन होगा। दूसरे दिन रविवार से आठ दिन रोजाना सुबह 10 बजे से रामकथा का आयोजन होगा। 

सांस्कृतिक संध्या भी बांधेगी समां 

संत कृपा सनातन संस्थान की ओर से नौ दिवसीय रामकथा के साथ ही चार दिवसीय सांस्कृतिक संध्या का आयोजन भी किया जायेगा। सांस्कृतिक संध्या 2 नवम्बर से प्रारंभ होगी। 2 नवम्बर को गुजराती कलाकार सिद्धार्थ रांधेडिया, 3 नवम्बर को हंसराज रघुवंशी अपनी प्रस्तुति से शिव भाव प्रकट करेंगे। हंसराज रघुवंशी अपनी प्रस्तुति से शिव भाव प्रकट करेंगे। 4 नवम्बर को अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया जायेगा। विख्यात कवि कुमार विश्वास के साथ ही अन्य ख्यातनाम कवि काव्य रस से माहौल को शिव रस से सराबोर करेंगे। सांस्कृतिक संध्या के अंतिम दिन 5 नवम्बर को सिंगर कैलाश खेर स्वर लहरियों से समां बांधेंगे।

 

This News is Updated by Khabre Fatafat
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here