केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अपने दो दिवसीय राजस्थान दौरे पर हैं। शाह दौरे के दूसरे दिन जैसलमेर से तनोट माता मंदिर पहुंचे, जहां तनोट माता परिसर स्थित विजय स्तंभ पर बीएसएफ जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। वहीं अमित शाह ने विजय स्तंभ पर पुष्प चक्कर अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान कृषि राज्य मंत्री व जैसलमेर-बाड़मेर सांसद कैलाश चौधरी भी उनके साथ रहे। उसके बाद उन्होंने तनोट माता के दर्शन कर मन्दिर परिसर में ही पर्यटन विभाग के विकास केंद्र की आधारशिला रख शिलान्यास किया। इस दौरान मंत्रोच्चारण के साथ वहां शिलान्यास कार्यक्रम संपन्न हुआ। जिसमें पंडित मनीष शर्मा ने मंत्रोच्चारण कर विधि-विधान से पूजन करवाया।
उसके बाद गृहमंत्री ने बीएसएफ की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके साथ ही बीएसएफ के अधिकारियों को फील्ड में आने वाली समस्याओं के बारे में भी चर्चा की। उसके बाद वे तनोट माता मंदिर से विशेष हवाई विमान से जोधपुर के लिए रवाना हो गए।
भारत-पाक सरहद पर बने तनोट माता मंदिर के लिए नीति आयोग ने 17.67 करोड़ रुपए की मंजूरी दी है। जिससे सैलानियों के लिए इस इलाके में पर्यटन के नए आयाम स्थापित किए जाएंगे। जिसमें सैलानियों के लिए बीएसएफ की ओर से डॉक्यूमेंट्री, हथियार प्रदर्शनी, फोटो गैलरी, मोर्टार, युद्ध में प्रयुक्त वाहन,दुश्मन देश की टैंक आदि प्रदर्शनी के लिए लगाई जाएगी।
जोधपुर पहुंचे शाह
गृह मंत्री अमित शाह दोपहर करीब 12:15 बजे जोधपुर एयरपोर्ट पर पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं की ओर से उनका स्वागत किया गया। इसके बाद एयरपोर्ट से नेताओं और पदाधिकारियों का काफिला रवाना हुआ। करीब 15 किलोमीटर लंबे इस काफिले में शाह का अलग-अलग जगहों पर स्वागत होगा।
केसरिया हुआ जोधपुर
वे जोधपुर में भाजपा के राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा की कार्यकारिणी बैठक में संबोधन के साथ ही बूथ अध्यक्षों में मिशन 2023 का जोश फूकेंगे। गृह मंत्री के स्वागत के लिए पूरा जोधपुर भगवा रंग में नजर आ रहा है। जिस रास्तों से शाह का काफिला गुजरेगा, वहां चौराहे भवगा रंगों से सज गए हैं। पांचबत्ती सर्किल, अरोड़ा सर्किल, 12वीं रोड व आखलिया चौराहे पर भगवा ध्वज व भाजपा की झंडे लगाए गए हैं। गहलोत के घर में भाजपा का रोड शो के माध्यम से दबदबा दिखाएगी। हालांकि, कहने को रोड शो नहीं है लेकिन दो हजार के करीब कार्यकर्ता केसरिया साफे में 15 किलोमीटर तक वाहनों के साथ चलेंगे।
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

















