कपिल शर्मा की ‘बुआ’ उपासना सिंह करेंगी मिस यूनिवर्स हरनाज संधू  पर केस, जाने पूरा विवाद – 24×7 Khabre Fatafat

0
27

‘द कपिल शर्मा शो’ में बुआ का किरदार निभाने वालीं एक्ट्रेस उपासना सिंह ने एक पंजाबी फिल्म के प्रचार के लिए हुए करार का सम्मान नहीं करने का आरोप लगाते हुए मिस यूनिवर्स हरनाज संधू के खिलाफ 4 अगस्त को एक स्थानीय अदालत का दरवाजा खटखटाया था। एक्ट्रेस व निर्माता उपासना सिंह ने चंडीगढ़ जिला अदालत में एक दीवानी मुकदमा दायर किया, जिसमें हरनाज संधू  द्वारा करार के कथित उल्लंघन के लिए उनसे हर्जाना मांगा गया है। संधू ने ‘बाई जी कुट्टांगे’ में मुख्य भूमिका निभाई थी। इस बीच उपासना ने बताया है कि उन पर एक करोड़ 60 लाख रुपये का कर्ज है।

हरनाज ने रिप्लाई किया बंद
उपासना सिंह ने इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में कहा, ‘मेरी फिल्म 27 मई को रिलीज होने वाली थी और हमारे लिए वो दिन काफी खास था जब हरनाज ने मिस यूनिवर्स का खिताब जीता, हम ने साथ में पार्टी की। हर कोई जानता है कि मैं उसके कितना करीब थी। जब मैंने उसे कहा कि फिल्म के प्रमोशन के लिए करीब 27 मई के आस पास की तारीखे हैं तो उसने मेरा फोन उठाना बंद कर दिया। मैंने मैसेज और मेल्स भी किए, लेकिन कोई जवाब नहीं आए। मैंने उसे फिल्म का पोस्टर भी भेजा और हर एक्टर फिल्म का पोस्टर आदि सोशल मीडिया पर शेयर करता है, लेकिन उसने वो भी नहीं किया और मुझे वो वाकई काफी अजीब लगा था।’

फिल्म की रिलीज को आगे बढ़ाया
उपासना ने आगे कहा, ‘मैंने उससे रिक्वेस्ट भी की लेकिन मुझे लगा कि हो सकता है अभी खिताब जीता है तो किसी वजह से ऐसा नहीं कर पा रही होगी। तो मैंने फिल्म की रिलीज डेट को 19 अगस्त कर दिया लेकिन उसके बाद भी हरनाज से कोई जवाब नहीं आया। हरनाज ने मेरे फ्रेंड सर्कल में सभी को इग्नोर करना शुरू कर दिया। किसी ने उसे कॉल करके कहा कि दुबई में एक शो है तो उसने बात की लेकिन जब मेरी फिल्म का टॉपिक छिड़ा तो उसने कॉल कट कर दिया। ‘

एक करोड़ 60 लाख  के कर्ज में उपासना
उपासना ने आखिर में कहा, ‘मैंने उसे नोटिस भेजा है कि अगर उसने मुझे डेट्स नहीं दी थो मैं उसके खिलाफ केस कर दूंगी। क्योंकि मैं फिल्म के डिस्ट्रीब्यूटर्स खो चुकी हूं, क्योंकि पहले उन्हें पता था कि हरनाज फिल्म हैं। बाकी लोगों को फिल्म में पैसा लगाना था, मुझे नहीं। आज इस फिल्म को रिलीज करने के लिए मेरे पर एक करोड़ 60 लाख का कर्ज है, सिर्फ हरनाज की वजह से क्योंकि उसके पीछे हटने की वजह से बाकी लोग भी पीछे हो गए हैं। मेरी फिल्म लेट हो रही है और पहले जो भी पोस्टर्स, प्रमोशन आदि हुआ था, वो सब पैसा बर्बाद हुआ है। मेरे पर कर्ज है। मैनें कभी सोचा नहीं था कि वो मेरे साथ ऐसा करेगी।’

क्या है मामला
उपासना ने अदालत के बाहर संवाददाताओं से कहा था, ‘मैंने हरनाज को फिल्म बाई जी कुट्टांगे में अभिनय करने का मौका दिया। इतना ही नहीं, मैंने ‘यारा दियां पू बरन’ भी बनाई, जिसमें हरनाज ने बतौर नायिका भूमिका निभाई है।’
उपासना सिंह ने दावा किया कि 2021 की मिस यूनिवर्स संधू को संतोष एंटरटेनमेंट स्टूडियो एलएलपी के साथ अपने करार के तहत फिल्म के प्रचार के लिए व्यक्तिगत रूप से खुद को उपलब्ध कराना था, लेकिन उन्होंने इसके लिए तारीख देने से इनकार कर दिया। उपासना ने कहा, ‘मैंने उन्हें उस समय मौका दिया था, जब वह मिस यूनिवर्स नहीं थीं। मैंने इस फिल्म पर एक बड़ी राशि खर्च की है। यह छोटे बजट की फिल्म नहीं है।’
    
कौन हैं हरनाज संधू
वहीं उपसना सिंह के आरोपों पर हरनाज संधू ने अभी तक कोई टिप्पणी नहीं की। गौरतलब है कि हरनाज संधू को पिछले दिसंबर में इजराइल में आयोजित एक कार्यक्रम में मिस यूनिवर्स का ताज पहनाया गया था। इससे पहले केवल दो भारतीयों- सुष्मिता सेन (1994) और लारा दत्ता (2000) ने मिस यूनिवर्स का खिताब जीता है। खिताब जीतने के बाद से ही हरनाज किसी न किसी वजह से खबरों में बनी रहती हैं।

This News is Updated by Khabre Fatafat
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here