हाईवे की रेलिंग से टकराई कांवड़िया की बाइक, हादसे में एक की मौत – 24×7 Khabre Fatafat

0
18

बस्ती जिले के हर्रैया फ्लाईओवर के पश्चिमी छोर पर मंगलवार की सुबह 10:00 बजे बाबा भदेश्वर नाथ से जल चढ़ाकर लौट रहे एक बाइक सवार कावड़िए की बाइक अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे की रेलिंग से टकरा गई। जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल कांवड़ियों को इलाज के लिए सीएचसी हर्रैया पहुंचाया गया। जहां चिकित्सक ने एक को मृत घोषित कर दिया। जबकि दूसरे की गंभीर हालत देख जिला चिकित्सालय बस्ती रेफर कर दिया।

यह है मामला

अयोध्या जनपद के रौनाही थाना क्षेत्र के सोहावल बाजार निवासी प्रदीप कुमार उर्फ दीपू पुत्र स्व. बदलू आयु 38 वर्ष तथा इसी गांव के बृज किशोर गुप्ता पुत्र तुलसीराम आयु 50 वर्ष एक बाइक पर सवार होकर कांवड़ यात्रा में सोमवार को अयोध्या में पवित्र सरयू नदी का जल भर कर मंगलवार की भोर में बस्ती जनपद के बाबा भदेश्वर नाथ मंदिर पर जल चढ़ा कर दोनों घर लौट रहे थे। इसी बीच हर्रैया थाना क्षेत्र के फ्लाईओवर के पहुंचते ही इनकी बाइक अनियंत्रित होकर हाईवे के किनारे रेलिंग से टकरा गई। जिससे बाइक चालक प्रदीप व बृज किशोर गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस की मदद से पहुंचाया गया अस्पताल लेकिन नहीं बची जान

घटना की सूचना पर पहुंची हर्रैया पुलिस ने दोनों घायलों को सीएचसी पहुंचाया जहां चिकित्सक ने प्रदीप को मृत घोषित कर दिया। जबकि बृज किशोर की हालत गंभीर देख जिला चिकित्सालय बस्ती रेफर कर दिया गया। सूचना पर सीएचसी पहुंचे पुलिस क्षेत्राधिकारी शेषमणि उपाध्याय ने घटना की जानकारी ली। वहीं पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर मृतक के परिजनों को सूचना दे दी।

दो बच्चों के पिता थे प्रदीप

घायल बृज किशोर ने बताया कि मृतक प्रदीप घर का एकलौता पुत्र था। उसकी शादी हो गई थी। जिसके दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। जबकि पिता का पहले देहांत हो गया है। उधर, मृतक की वृद्ध माता व पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। इस संबंध में हर्रैया प्रभारी निरीक्षक शैलेश कुमार सिंह का कहना है कि मृतक का शव कब्जे में लेकर मृतक की पत्नी को घटना की सूचना दे दी गई है।

This News is Updated by Khabre Fatafat
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here