जमनालाल बजाज ऑडिटोरियम युवा पीढ़ी के लिए होगा प्रेरणादायक- अशोक गहलोत – दैनिक खबरें फटाफट

0
6
cm ashok gehlot
cm ashok gehlot

जयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास से वीसी के माध्यम से सीकर में बनने वाले जमनालाल बजाज ऑडिटोरियम का शिलान्यास किया। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि 30 करोड़ की लागत से बनने जा रहा यह ऑडिटोरियम युवा पीढ़ी के लिए सदैव प्रेरणादायक साबित होगा। उन्होंने कहा कि सीकर के काशी का वास गांव मंे जन्मे जमनालाल जी का आजादी के आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान रहा। श्री गहलोत ने कहा कि जमनालाल बजाज ने गांधीजी के जीवन मूल्यों से प्रभावित होकर अपनी पत्नी एवं बच्चों सहित आश्रम में रहना शुरू कर दिया था एवं स्वतंत्रता आंदोलन में जेल भी गए। वर्धा में उन्होंने छूआछूत निवारण के लिए लक्ष्मीनारायण मंदिर में हरिजनों का प्रवेश कराया।

शेखावाटी की स्थापत्य कला के अनुरूप निर्मित होगा ऑडिटोरियम

800 लोगों की क्षमता वाले 3 हैक्टेयर में फैले इस ऑडिटोरियम में स्थानीय स्थापत्य कला के अनुसार आर्ट गैलेरी, पुस्तकालय, 22 गेस्ट रूम, 2 बेन्क्वेट हॉल, मल्टीपर्पज हॉल, कॉन्फ्रेंस रूम एवं ऑफिस का निर्माण होगा। इसमें आधुनिक तकनीक के अनुरूप सभी ऑडियो-वीडियो और लाइव कार्यक्रम की व्यवस्था होगी।

राज्य सरकार युवाओं एवं छात्रों के लिए समर्पित

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं एवं छात्रों के लिए विभिन्न योजनाओं का संचालन कर रही है। मुख्यमंत्री अनुप्रति कोचिंग योजना के माध्यम से 15 हजार बच्चों को निशुल्क कोचिंग दी जा रही है। राजीव गांधी स्कॉलरशिप फॉर एकेडमिक एक्सीलेंस योजना के माध्यम से 200 बच्चों को विदेश में निशुल्क पढ़ाने की व्यवस्था की गई है। युवाओं के लिए 1 लाख 25 हजार सरकारी नौकरियां सरकार द्वारा दी जा चुकी हैं तथा 1.50 लाख प्रक्रियाधीन हैं। संगठित रूप से पेपरलीक करवाने वाले गिरोहों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई की गई है तथा इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए कड़ा कानून भी बनाया गया है।

स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में होंगे विभिन्न कार्यक्रम

गहलोत ने कहा कि आजादी के 75वें वर्ष के उपलक्ष्य में स्वतंत्रता दिवस से सरकार द्वारा पूरे साल कार्यक्रम चलाया जाएगा, जिसमें स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान से युवा पीढ़ी को अवगत कराया जाएगा। पिछले 75 सालों में देश ने स्वास्थ्य, शिक्षा, उद्योग, बिजली, पानी आदि क्षेत्रों में अभूतपूर्व तरक्की की है। देश द्वारा की गई इस तरक्की का एहसास होने पर ही सभी घरों में झण्डा फहराने का कार्यक्रम सफल हो पाएगा। उन्होंने कहा कि देश के विकास के लिए आवश्यक है कि सभी धर्माें में सद्भावना एवं देश में एकता कायम रहे।

बुनियादी ढ़ांचे का विकास सरकार की प्राथमिकता

गहलोत ने सीकर जिले में करवाए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों के बारे में बताते हुए कहा कि आधारभूत ढ़ांचे का निर्माण राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि शहरी क्षेत्र की बड़ी सड़कों के 6 करोड़ रूपए के मरम्मत कार्य, ओपन जिम का निर्माण, 13 करोड़ रूपए की लागत से सीकर कस्बे के नवलगढ़ रोड से वर्षा जल निकासी के कार्य, अमृत योजना के तहत 236 किलोमीटर सीवरेज लाइन का कार्य, राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत रोजगार हेतु लगभग 67 करोड़ रूपए का ऋण वितरण सहित विभिन्न विकास कार्य किए जा रहे हैं। बजट में 17 जिलों में ऑडिटोरियम के निर्माण का प्रावधान किया गया है। सरकार की मंशा है कि सभी जिलों में ऐसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं जिससे विभिन्न क्षेत्र के लोग लाभान्वित हो सकें।

नगरीय विकास मंत्री शांति धारीवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री की दूरगामी सोच और कुशल नेतृत्व में राजस्थान विकास के नए आयामों को छू रहा है। विगत तीन साल में प्रदेश सरकार ने उल्लेखनीय उपलब्धियां अर्जित की हैं। उन्होंने कहा कि शहरों के विकास के लिए नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन विभाग पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रहा है।

पूर्व शिक्षा राज्यमंत्री गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि बजट में सीकर जिले के लिए अनेक घोषणाएं की गई हैं। जिले में मेडिकल कॉलेज के साथ 300 बैड का हॉस्पिटल बनने जा रहा है। विधायक राजेन्द्र पारीक ने कहा कि 3 हैक्टेयर में बन रहे शानदार भवन से शहर के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि सीकर जिले में मिनी सचिवालय के लिए डीपीआर करवाई जा रही है तथा उन्होंने पक्षी विहार को विकसित करने के लिए 18 करोड़ का बजट देने के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया।

समारोह के दौरान शासन सचिव स्वायत्त शासन डॉ. जोगाराम, निदेशक स्थानीय निकाय हृदेश कुमार शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। वीसी के माध्यम से सीकर जिले के विभिन्न जनप्रतिनिधि, पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी सहित बड़ी संख्या में आमजन कार्यक्रम से जुड़े।

This News is Updated by Khabre Fatafat
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here