यूपी: कन्नौज के मंदिर में मांस के टुकड़े फेंकने पर भड़की हिंसा, कई दुकानों में लगाई आग – 24×7 Khabre Fatafat

0
14

उत्तर प्रदेश के कन्नौज में कुछ अज्ञात लोगों ने कथित तौर पर मांस के टुकड़े एक गांव के मंदिर परिसर में फेंक दिए. उन्होंने दो स्थानों पर मूर्तियों को भी अपवित्र कर दिया. इसके बाद सांप्रदायिक झड़पें हुईं और फिर कई लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया. इस दौरान कई दुकानों में आग भी लगा दी गई. कन्नौज पुलिस के मुताबिक, हिंसा में एक कब्रिस्तान के गेट को भी नुकसान पहुंचाया गया है. इस बीच, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कन्नौज के डीएम और एसपी के खिलाफ एक्शन लिया है और उनको पद से हटा दिया है. दरअसल इस मामले में डीएम-एसपी पर लापरवाही का आरोप लगा है.

मंदिर में मांस फेंके जाने के बाद भड़की हिंसा

पुलिस के मुताबिक, ये घटना तालग्राम थाना इलाके के रसूलाबाद गांव में हुई. मंदिर के पुजारी जगदीश चंद्र को मंदिर के अंदर मांस के टुकड़े मिले और उन्होंने पुलिस को इसकी खबर दी. इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूरी जगह की सफाई कराई. हालांकि, बाद में पुलिस पर घटना पर चुप रहने का आरोप लगाते हुए सड़क पर लोग जमा हो गए और तालग्राम-इंदरगढ़ के रास्ते को जाम कर दिया. फिर तीन घंटे तक नाकाबंदी जारी रही. इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को शांत कराया.

भीड़ ने चार दुकानों को किया आग के हवाले

गौरतलब है कि जैसे ही नाकाबंदी हटाई गई, ऐसी खबर मिली कि दो स्थानों पर मूर्तियों को अपवित्र किया गया था. जिसके बाद भीड़ नाराज हो गई और चार दुकानों को आग के हवाले कर दिया. इसके बाद एक कब्रिस्तान के गेट को क्षतिग्रस्त कर दिया गया.

दोषियों की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वो घटना में शामिल लोगों की पहचान कर रहे हैं. हालात नियंत्रण में है. पूरे शहर में पैदल पुलिस की गश्ती बढ़ा दी गई है. अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है. शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

बता दें कि कन्नौज के एसपी राजेश श्रीवास्तव का कन्नौज में हुई हिंसा के बाद तबादला कर दिया गया है. हिंसा शनिवार रात को हुई थी. राजेश श्रीवास्तव को वेटिंग लिस्ट में रखा गया है. उनकी जगह पर अनुपम सिंह को लिया गया है. इसके अलावा सीएम योगी आदित्यनाथ सरकार ने कन्नौज के डीएम राकेश मिश्रा को वेटिंग लिस्ट से हटा दिया है. चित्रकूट के डीएम शुभ्रांश शुक्ला को कन्नौज का नया डीएम नियुक्त किया गया है.

This News is Updated by Khabre Fatafat
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here