WHO सहित दुनियाभर के स्वास्थ्य संगठनों ने मंकीपाक्‍स पर जताई चिंता, 29 देशों में मिले केस – 24×7 Khabre Fatafat

0
16

साओ पाउलो, मंकीपाक्स के बढ़ते मामलों को लेकर वर्ल्ड हेल्थ आर्गनाइजेशन (WHO) सहित दुनियाभर के बड़े स्वास्थ्य संगठनों ने चिंता जताई है। दुनिया में मंकीपाक्‍स का प्रसार जारी है। अमेरिका, कनाडा, मेक्सिको, ऑस्ट्रेलिया, यूरोप और यूके जैसे 29 देशों तक फैल चुका मंकीपाक्स अब ब्राजील में भी दस्तक दे चुका है। स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, ब्राजील ने गुरुवार को साओ पाउलो शहर में मंकीपॉक्स के देश के पहले मामले की पुष्टि की।

शहर के स्वास्थ्य सचिवालय ने एक बयान में कहा कि हाल ही में स्पेन और पुर्तगाल की यात्रा करने वाले 41 वर्षीय व्यक्ति में वायरस का पता चला था। मरीज को फिलहाल एमिलियो रिबास पब्लिक हॉस्पिटल में आइसोलेशन में रखा गया है, जबकि उसके हाल के संपर्कों पर नजर रखी जा रही है।

साओ पाउलो में एक और संदिग्ध मंकीपाक्स मामले की जांच की जा रही है, जिसमें एक 26 वर्षीय महिला शामिल है, जो अब अस्पताल में भर्ती है, सचिवालय ने कहा।

सभी मामलों की हो जांच- विश्व स्वास्थ्य संगठन

विश्व स्वास्थ्य संगठन (World Health Organization, WHO) ने 29 देशों में मंकीपाक्स के 1000 मामलों की पुष्टि की है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने दुनिया को मंकीपाक्स संक्रमण के प्रति चेताया है। डब्ल्यूएचओ के डाइरेक्टर जनरल टेड्रोस अढानम घेब्रेयेसस ने गुरुवार को कहा कि जिन देशों में मंकीपाक्स संक्रमण फैलने लगा है, उन्हें सभी मामलों की जांच करनी चाहिए और इस संक्रमण की रोकथाम के लिए उचित कदम उठाने चाहिए। हालांकि राहत की बात यह है कि इस संक्रमण से अभी तक किसी की मौत नहीं हुई है। उन्होंने रोग के प्रसार को रोकने पर जोर देते हुए कहा, प्रभावित देशों को सभी मामलों की जांच करनी चाहिए और इसे दूसरे देशों में फैलने से बचने के उपाय करने चाहिए।

डब्ल्यूएचओ ने रेखांकित की अपनी प्राथमिकता

संयुक्त राष्ट्र ने अपनी प्रेस विज्ञप्ति में कहा, डब्ल्यूएचओ के शीर्ष अधिकारी ने सबसे अधिक जोखिम वाले लोगों को सटीक जानकारी प्रदान करने के लिए अपनी प्राथमिकताओं को रेखांकित किया है। इनमें उच्च जोखिम वाले लोगों के बीच आगे प्रसार को रोकना, अग्रिम पंक्ति के स्वास्थ्य कर्मियों की रक्षा करना और बीमारी के बारे में ‘हमारी समझ’ को आगे बढ़ाना शामिल है।

मंकीपॉक्स के ये हैं लक्षण

मंकीपाक्स के संक्रमण से ग्रस्त होने के बाद मरीज में बुखार, सिरदर्द, सूजन, पीठ दर्द, मांसपेशियों में दर्द और सामान्य रूप से सुस्ती के लक्षण दिखते हैं। बुखार के समय अत्यधिक खुजली वाले दाने विकसित हो सकते हैं, जो अक्सर चेहरे से शुरू होकर शरीर के अन्य हिस्सों में फैल जाते हैं। संक्रमण आमतौर पर 14 से 21 दिन तक रहता है। मंकीपाक्स वायरस त्वचा, आंख, नाक या मुंह के माध्यम से शरीर में प्रवेश करता है। यह संक्रमित जानवर के काटने से, या उसके खून, शरीर के तरल पदार्थ, या फर को छूने से हो सकता है। संक्रमित जानवर का मांस खाने से भी मंकीपाक्स हो सकता है।

This News is Updated by Khabre Fatafat
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here