न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर
Published by: उदित दीक्षित
Updated Tue, 07 Jun 2022 09:03 PM IST
ख़बर सुनें
विस्तार
राज्यसभा चुनाव से पहले भाजपा समर्थक प्रत्याशी सुभाष चंद्रा ने बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा, भाजपा विधायकों के अलावा कांग्रेस और अन्य पार्टियों के विधायकों का भी समर्थन मेरे साथ है। भाजपा के अलावा अन्य 12 विधायक चुनाव में मेरा समर्थन करेंगे। जिनमें कांग्रेस के आठ और दूसरी पार्टियों के चार विधायक शामिल है। यह सभी मेरे पक्ष में वोटिंग करेंगे। चंद्रा यह दावा मंगलवार देर शाम मीडिया से बात करते हुए किया। उनके इस दावे से प्रदेश की सियासत एक बार फिर गर्मा गई है।
चंद्रा ने कहा, कांग्रेस के विधायक गहलोत सरकार से परेशान हो चुके हैं, इसलिए वह क्रॉस वोटिंग कर मेरा समर्थन करेंगे। विधायक जलालत महसूस कर रहे हैं। उन्होंने मुझे समर्थन देने का वादा किया गया। उन्होंने कहा- सीएम अशोक गहलोत कांग्रेस हाईकमान को आंख दिखाते हैं, अब सचिन पायलट को भी स्टैंड लेना चाहिए। वह कांग्रेस के जुझारू नेता हैं, उनके पिता के साथ मेरे बहुत अच्छे संबंध थे। उनके पास यह मौका है, अगर वह अब चूक गए तो 2028 तक मुख्यमंत्री नहीं बन पाएंगे।
आरएलपी ने भी साथ देने का किया है एलान
नागौर सांसद और आरएलपी संयोजक हनुमान बेनीवाल ने भी बीते सोमवार को सुभाष चंद्रा को अपना समर्थन और वोट देने का एलान किया था। इस दौरान बेनीवाल ने भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियों पर जमकर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था, कांग्रेस और भाजपा दोनों ही पार्टियों को अपने विधायकों पर विश्वास नहीं है। इसलिए दोनों पार्टियों ने विधायकों की बाड़ेबंदी की है। वहीं कांग्रेस विधायक दिन में कुछ अलग बयान देते हैं और शाम को उनका बयान बदल जाता है क्योंकि सरकार में विधायकों को खुली छूट मिली हुई है। अपने कामों को करवाने के लिए मुख्यमंत्री पर विधायक दबाव बनाते हैं और मुख्यमंत्री को सरकार बचानी है।
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

















