न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर
Published by: प्रांजुल श्रीवास्तव
Updated Wed, 01 Jun 2022 07:52 AM IST
ख़बर सुनें
विस्तार
राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के संयोजक रत्न सोनी की हत्या कर दी गई। इस वारदात के बाद शहर में तनाव हो गया। इसके बाद प्रशासन ने पूरे शहर में धारा 144 लागू कर दी है। बताया जा रहा है कि आरएसएस संयोजक रत्न सोनी देर रात एक कार्यक्रम में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान आपसी झगड़े में दूसरे समुदाय के लोगों ने उस पर हमला कर दिया। इस हमले में रत्न सोनी की मौत हो गई।
हत्या से गुस्साए हिंदू पक्ष के लोगों ने शहर के मुख्य चौराहे को जाम कर दिया। यहां रातभर प्रदर्शन चला। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। पुलिस ने बताया पूरे शहर में अलर्ट जारी किया गया है और अतिरिक्त पुलिसबल को तैनात किया जा रहा है।
आपसी झगड़े में हुई मौत
पुलिस के मुताबिक, घटना कच्ची बस्ती क्षेत्र की है। यहां कुछ युवकों ने रत्न सोनी पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद उदयपुर अस्पताल ले जाते वक्त उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। घटना से नाराज हिंदू पक्ष के लोगों ने शहर के सुभाष चौराहे को पूरी तरह से जाम कर दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
आरोपियों के परिजन हिरासत में
पुलिस ने आरोपियों के परिजनों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस के मुताबिक, स्थिति नियंत्रण में बनी हुई है।
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

















