राजस्थान के जालौर में एक 12 साल का बच्चा खेत में बने बोरवेल में गिर गया। बोरवेल करीब 250 फीट गहरा था और बच्चा 90 फीट पर जाकर फंस गया। हादसे के बाद ग्रामीणों की घटना स्थल पर भीड़ जुट गई। सूचना पर पुलिस और डॉक्टरों की टीम मौके पर पहुंची। देसी जुगाड़ का प्रयोग कर बच्चे को 45 मिनट बाद बोरवेल से बाहर निकाल लिया गया।
घटना जालौर के रामसीन थाना इलाके के तवाव गांव की है। जीताराम चौधरी का बेटा निंबाराम खेत पर बने 250 फीट गहरे बोरवेल में गिर गया था। सूचना पर जसवंतपुरा एसडीएम सहित अन्य अधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। डॉक्टरों ने बोरवेल में फंसे बच्चे तक ऑक्सीजन पहुंचाने के लिए पाइप भी डाला।
बोरवेल में 90 फीट की गहराई पर फंसे बच्चे को देसी जुगाड़ से बाहर निकाला गया। यह जुगाड़ मेड़ा के रहने वाले माधाराम सुथार ने बनाया है। इसके जरिए उन्होंने बच्चे को 45 मिनट में ही बाहर निकाल लिया। माधाराम इससे पहले भी बोरवेल में फंसे कई बच्चों को बाहर निकाल चुके हैं।
बोरवेल से बाहर निकाले गए बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालात खतरे से बाहर बताई जा रही है। डॉक्टर उसके स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए हैं।
माधाराम सुथार ने बताया, देसी जुगाड़ बनाने के लिए बराबर लंबाई के तीन पाइप लिए जाते हैं। तीनों पाइप को आपस में बांध दिया जाता है। आखिर में एक टी बनाते हैं और इस पर एक जाल बांधा जाता है।
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

















