सार
भाजपा ने राजस्थान में हो रहे दंगे और हत्याएं को लेकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत अशोक गहलोत पर निशाना साधा। एक कार्टून के जरिए सीएम गहलोत के हाथ में शराब की बोतल भी दिखाई। बाद में इस ट्वीट को डिलीट कर दिया गया है।
ख़बर सुनें
विस्तार
भाजपा के एक ट्वीट से राजस्थान की राजनीति गरमा गई है। इस ट्वीट के जरिए भाजपा ने प्रदेश में हो रहे दंगे, हत्याएं और तुष्टीकरण को लेकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत अशोक गहलोत पर निशाना साधा। ट्वीट किए गए एक कार्टून में सीएम गहलोत के हाथ में शराब भी बोतल भी दिखाई दे रही है। हालांकि, अब इस ट्वीट को डिलीट कर दिया गया है।
इधर, ट्वीट सामने आने के बाद कांग्रेस भाजपा पर हमलावर हो गई। साथ ही मुख्यमंत्री के ओएसडी लोकेश शर्मा ने भी भाजपा पर निशाना साधते हुए मर्यादा में रहने की नसीहत दी है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि यह कौनसा तरीका है आलोचना करने का? राजनीति के निम्न स्तर पर उतर कर प्रदेश के मुख्यमंत्री को इस तरह दिखाना निहायत ही घटिया और निंदनीय है। सतीश पूनिया जी पद की एक गरिमा होती है, जिसको बनाए रखना आपकी भी जिम्मेदारी है।

सरकार को घेरने में खुद घिर गई भाजपा
प्रदेश में हो रहे दंगों, अपराध और तुष्टीकरण को लेकर भाजपा कार्टून के जरिए प्रदेश सरकार पर हमला करना चाहती थी, लेकिन सीएम गहलोत के हाथ में शराब की बोतल दिखाकर वह खुद घिर गई। मामले बढ़ने पर भाजपा ने उस ट्वीट को डिलीट कर दिया, लेकिन उसके स्क्रीनशॉट अब भी वायरल हो रहे हैं।
भाजपा और कांग्रेस एक दूसरे पर लगा रहीं आरोप
राजस्थान करौली के बाद जोधपुर में हुई हिंसा को लेकर दोंनों ही पार्टिंया एक दूसरे पर आरोप लगा रही हैं। कांग्रेस का कहना है कि चुनाव को देखते हुए भाजपा प्रदेश का माहौल खराब करना चाहती है। इसलिए भाजपा और आरएसएस प्रदेश में हिंसा भड़का रहे हैं। वहीं भाजपा का आरोप है कि सरकार की तुष्टीकरण की नीति के कारण प्रदेश में माहौल बिगड़ा हुआ है।
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

















