न्यूूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर
Published by: रोमा रागिनी
Updated Mon, 25 Apr 2022 06:38 PM IST
सार
मुख्यमंत्री गहलोत के इस्तीफे वाले बयान पर पायलट समर्थक आचार्य कृष्णम ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि इस्तीफा देने की धमकी देना ब्लैकमेल करने जैसा है।

आचार्य प्रमोद कृष्णम और सीएम गहलोत
– फोटो : Social Media
ख़बर सुनें
विस्तार
राजस्थान में विधानसभा चुनाव से पहले सियासी गर्मी बढ़ गई है। एक बार फिर सचिन पायलट और सीएम गहलोत में खींचतान दिखने लगी है। इसी बीच मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने निशाना साधा है। आचार्य कृष्णम ने ट्वीट किया कि इस्तीफा देने से पहले इस्तीफे की धमकी देना हाईकमान को ब्लैकमेल करने जैसा है मुख्यमंत्री जी।
आचार्य प्रमोद कृष्णम पायलट समर्थक हैं। इससे पहले भी वह मुख्यमंत्री गहलोत को निशाने पर ले चुके हैं। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शनिवार को जयपुर में राजस्व सेवा परिषद के सम्मेलन में बयान दिया था कि मेरा इस्तीफा सोनिया गांधी के पास पड़ा हुआ है। उन्होंने मुझे तीन बार मुख्यमंत्री बनाया है, इसलिए मैंने उन्हें अधिकृत कर रखा है। आप लोगों को अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए।

राजस्थान में मुख्यमंत्री बदलने की चर्चा तेज है। इसी का खंडन करते हुए सीएम गहलोत ने इस्तीफे की बात कही थी। उन्होंने कहा कि कि जब मुख्यमंत्री बदलना होगा तो किसी को कानों कान भनक नहीं लगेगी। आप निश्चिंत रहें, आप अफवाहों में नहीं पड़े। दो-तीन दिन से अफवाह सुन रहा हूं। फलां यह हो गया, वो हो गया।
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

















