पीएम इमरान खान को सम्मानजनक विदाई की करनी चाहिए तलाश: बिलावल भुट्टो – 24×7 Khabre Fatafat

0
39

इस्लामाबाद, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान की सरकार का जाना अब लगभग तय है और इसमें अब कुछ ही घंटों का समय शेष बचा है। इस बीच विपक्षी पार्टी पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के अध्यक्ष बिलावल भुट्टो जरदारी ने इमरान खान को एक नई सलाह दी है। उन्होंने कहा कि पाक पीएम को सम्मानजनक विदाई की तलाश करनी चाहिए और अपनी सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर वोट से पहले इस्तीफा दे देना चाहिए। बिलावल ने कहा कि प्रधानमंत्री को संवैधानिक प्रक्रिया के खिलाफ सम्मानपूर्वक लड़ना चाहिए और ‘चेहरा बचाने या पिछले दरवाजे से बाहर निकलने’ की तलाश नहीं करनी चाहिए।

देश पर जबरदस्ती थोपे गए थे इमरान

बिलावल ने इस बीच इमरान के पीएम बनने पर भी सवाल उठाए और कहा कि इमरान देश पर जबरदस्ती थोपे गए थे, इसलिए अब समय आ गया है कि उन्हें अपने कृत्यों के बारे में सोचना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि पाकिस्तान के इतिहास में पहली बार शांतिपूर्ण अविश्वास मत हो रहा है क्योंकि अतीत में कई बार इस तरह के उद्देश्य के लिए असंवैधानिक साधनों का इस्तेमाल किया गया था।

बिलावल ने आगे कहा कि इमरान खान पहले कहते थे कि अविश्वास प्रस्ताव पेश करके विपक्ष ने उन्हें उपहार दिया है लेकिन बाद से इसे एक वैश्विक साजिश बता रहे हैं। उन्होंने इमरान का मजाक उड़ाते हुए कहा, ‘कृपया पहले तय करें कि यह हमारी तरफ से तोहफा है या विदेशी साजिश।

शाहबाज गिल बोले विपक्ष के सपने नहीं होंगे पूरे

इमरान के विशेष सहायक शाहबाज गिल ने दूसरी ओर आज कहा कि पाक पीएम को हटाने का विपक्ष का सपना पूरा नहीं होने वाला है। वहीं उन्होंने पाकिस्तान मुस्लिम लीग (पीएमएल-एन) के अध्यक्ष शहबाज शरीफ का मजाक उड़ाते हुए उन्हें ‘बच्चों का पीएम’ करार दिया। उन्होंने दावा किया कि परवेज इलाही कल पंजाब के मुख्यमंत्री बनेंगे।

कल होनी है वोटिंग

बता दें कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर कल वोटिंग होनी है। गौरतलब है कि इस प्रस्ताव को नेशनल असेंबली में कुल 161 मतों के साथ पेश किए जाने के बाद कार्यवाही 31 मार्च तक के लिए स्थगित कर दी गई थी। वहीं विपक्ष को भरोसा है कि उसका प्रस्ताव पारित किया जाएगा क्योंकि पीटीआइ के कई विधायक पीएम इमरान खान के खिलाफ खुलकर सामने आए हैं।

This News is Updated by Khabre Fatafat
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here