IAS Tina Dabi: आईएएस टीना डाबी, जानें कहां से और कितनी पढ़ी-लिखी हैं यूपीएससी टॉपर

0
19

संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा-2015 में टॉप रहीं और 2016 के बैच की आईएएस अधिकारी टीना डाबी एक बार फिर सुर्खियों में है। इस बार उनके चर्चा में रहने का कारण कोई धार्मिक, प्रशासनिक फैसला या राजनीतिक निर्णय नहीं हैं। इस बार मामला थोड़ा निजी है, लेकिन खुद टीना ने इसे सार्वजनिक कर दिया है। टीना डाबी दूसरी बार शादी करने जा रही हैं। 

राजस्थान सरकार के वित्त विभाग में संयुक्त सचिव के पद पर सेवारत आईएएस अधिकारी टीना डाबी अब भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी प्रदीप गवांडे से शादी करने वाली हैं। इसकी जानकारी टीना डाबी ने आईएएस प्रदीप गवांडे के साथ अपनी तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा कर दी है। आइए जानते हैं कौन हैं टीना डाबी और कहां से पढ़ी हैं तथा उनकी पढ़ाई-लिखाई के बारे में … 

 

पूरा डाबी परिवार सरकारी सेवा में 

टीना डाबी का जन्म, मध्य प्रदेश के भोपाल में नौ नवंबर, 1993 को हुआ था। टीना के पिता जसवंत डाबी भारतीय दूरसंचार निगम लिमिटेड यानी बीएसएनएल में महा प्रबंधक रहे हैं। जबकि, उनकी मां हिमानी डाबी भी भारतीय इंजीनियरिंग सेवा की अधिकारी रही हैं। टीना की छोटी बहन रिया डाबी भी 2020-21 की सिविल सेवा परीक्षा के टॉपर्स में शामिल रही हैं। 

 

2015 में पहली बार दी थी परीक्षा, 2016 के बैच की आईएएस अधिकारी बनीं

परिवार के भोपाल से दिल्ली शिफ्ट होने के बाद टीना की शुरुआती पढ़ाई जीसस एंड मैरी कॉन्वेंट स्कूल, नई दिल्ली से हुई थी। स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद टीना डाबी ने दिल्ली विश्वविद्यालय के लेडी श्रीराम कॉलेज फॉर वूमेन से राजनीति शास्त्र में स्नातक किया। उन्होंने यूपीएससी की तैयारी की और 2015 के अपने पहले ही प्रयास में ऑल इंडिया टॉप किया। टीना डाबी प्रशिक्षण के बाद 2016 के बैच की आईएएस अधिकारी बनीं।  

 

2018 में लव मैरिज की, 2020 में तलाक हुआ 

एलबीएस एकेडमी, देहरादून में ही प्रशिक्षण के दौरान टीना डाबी और यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा-2015 के दूसरे टॉपर कश्मीर के अतहर खान एक-दूसरे के करीब आए। दोनों से 2018 में लव मैरिज की। इस शादी को लेकर टीना डाबी खूब चर्चा में रही थी। हालांकि, इनकी शादी ज्यादा टिक नहीं पाई और 20 नवंबर, 2020 को आईएएस जोड़े ने जयपुर की एक पारिवारिक अदालत में आपसी सहमति से तलाक के लिए अर्जी दी। कोर्ट ने 10 अगस्त, 2021 को इनके तलाक को मंजूरी दे दी थी। इस मामले में भी टीना डाबी ने काफी सुर्खियां बटोरीं थीं। 

 

अब आईएएस प्रदीप गवांडे से रचाएंगी शादी

टीना डाबी अब एक बार फिर शादी रचाने की तैयारी में है। उनकी दूसरी शादी राजस्थान में ही पदस्थ आईएएस अधिकारी प्रदीप गवांडे से होने वाली है। प्रदीप गवांडे राजस्थान आर्कियोलॉजी एंड म्यूजियम डिपार्टमेंट में निदेशक हैं। गवांडे चुरू जिले के कलेक्टर भी रह चुके हैं। इतना ही नहीं, आईएएस बनने से पहले प्रदीप चिकित्सक भी रहे हैं। उनकी भी यह दूसरी शादी होगी। प्रदीप का जन्म नौ दिसंबर, 1980 को महाराष्ट्र में हुआ था।  

This News is Updated by Khabre Fatafat
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here