कानपुर के हरबंस मोहाल के घसियारी मंडी सराय में जर्जर मकान ढहने से युवक की दबकर मौत, बाल बाल बचे कई मजदूर – 24×7 Khabre Fatafat

0
21

 हरबंस मोहाल की घसियारी मंडी सराय में मंगलवार की सुबह जर्जर मकान का एक हिस्सा ढहने से मजदूर की दबकर मौत हो गई। वहीं हादसे में दूसरे मजदूर बाल-बाल सकुशल बच गए, घटना तब हुई जब मजदूर जर्जर मकान को तोड़ रहे थे। काफी पुराने हो चुके मकान को गिराने के लिए ठेकेदार ने ठेका लिया था। हादसे की सूचना पर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए और घटना की जांच शुरू कराई है। पुलिस के मुताबिक पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। 

घसियारी मंडी सराय निवासी इजरायल का पैतृक मकान बेहद जर्जर था। इजराइल पुराना मकान तोड़कर नया मकान बनवाने की योजना कर रहे थे। पुराना मकान तोड़ने के लिए उन्होंने ठेकेदार नियामत को ठेका दिया था। नियामत ने मकान तोड़ने के लिए लगभग एक दर्जन मजदूर लगा रखे थे । मंगलवार की सुबह मजदूर छत तोड़ रहे थे, इसी दौरान छत का एक हिस्सा भरभरा कर ढह गया। उसके ऊपर काम कर रहा शुक्लागंज निवासी निहाल भी मलबे के साथ नीचे गिरा और दब गया। उसके साथ में काम कर रहे अन्य मजदूर बाल बाल बच गए। आनन फानन अन्य साथियों ने निहाल को मलबे से बाहर निकाला और अस्पताल ले गए । अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अफसरों ने घटना के बारे में जानकारी की और मृतक मजदूर के परिवार वालों को भी बुलवाया। मूल रूप से सुल्तानपुर के बहादुरपुर निवासी निहाल अपनी पत्नी रानी और चार लड़कियों के साथ शुक्लागंज में किराए के मकान में रहता था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी व बच्चियों का रो-रो कर बुरा हाल था। प्रभारी निरीक्षक हरबंस मोहाल शैलेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस कार्रवाई करेगी।

This News is Updated by Khabre Fatafat
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here