अयोध्‍या में बच्‍ची से दुष्‍कर्म के व‍िरोध में फूटा गुस्सा, टेंट हाउस का कर्मी निकला दरिंदगी का आरोप‍ित – 24×7 Khabre Fatafat

0
71

अयोध्या, नगर के बैरागपुरा मोहल्ले में मासूम के साथ दरिंदगी के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी उम्र करीब 22 साल है। घटना बुधवार रात नौ बजे के बाद की है और गुरुवार को तड़के आरोपी की गिरफ्तारी के बावजूद लोग आक्रोशित हैं। दरअसल यह घटना उस समय की है जब घटनास्थल से कुछ ही दूर सामूहिक भोज का कार्यक्रम चल रहा था और इस कार्यक्रम में किराए पर टेंट लगवाया गया था।

अयोध्या नगर के ही गोनियाना मोहल्ला निवासी आरोपी राजन माझी टेंट हाउस का कर्मचारी है। ऐसे में घटना से आक्रोशित लोग टेंट मालिक के विरुद्ध भी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। लोगों का आरोप है कि घटना के बाद टेंट हाउस के मालिक ने आरोपी की मदद करने की साजिश रची। अयोध्या कोतवाली से कुछ ही फासले पर स्थित राजसदन के सामने घटना के विरोध में रोष व्यक्त कर रहे लोगों का दावा है कि घटना की जानकारी पूर्व में ही टेंट हाउस मालिक को थी।

पुलिस ने घटना के कुछ देर बाद ही टेंट हाउस मालिक को हिरासत में भी लिया था किंतु पुलिस ने आरोपी के बारे में समुचित जानकारी प्राप्त करने के साथ टेंट हाउस मालिक को छोड़ दिया और इसी के बाद आरोपी को गिरफ्तार करने में पुलिस सफल हुई। पुलिस आरोप‍ित से गुरुवार को तीसरे पहर तक पूछताछ करती रही और यह पुष्टि करने का प्रयास कर रही है की दरिंदगी में आरोपि‍त का क्या कोई और सहयोगी भी शामिल था।

इस बीच पीड़िता के परिवार में कोहराम मचा हुआ है । मासूम की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उसे लखनऊ के एक चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। अयोध्या जैसी तीर्थनगरी में इस तरह की दरिंदगी से लोगों में रोष है। विहिप के प्रांतीय मीडिया प्रभारी शरद शर्मा ने घटना पर आक्रोश व्यक्त करते हुए आरोप‍ित को फांसी की सजा दिए जाने की मांग की ताकि भविष्य में कोई इस तरह की दरिंदगी की जुर्रत न कर सके। शर्मा का कहना है अयोध्या जैसी पवित्र जगह पर यह अपराध और भी भयावह है, जहां लोग मर्यादा आत्म साधना और अनुशासन की सीख तथा प्रेरणा लेते हैं। इस स्थल पर ऐसी घटना मानवता पर सवाल खड़ा करने वाली है।

This News is Updated by Khabre Fatafat
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here