दिल्ली में यूपी की सरकार पर मंथन, आज दूसरे दिन भी मुलाकातों का सिलसिला जारी – 24×7 Khabre Fatafat

0
25

उत्तर प्रदेश में दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे योगी आदित्यनाथ दिल्ली में हैं. कल योगी ने पूरे दिन बीजेपी के बड़े नेताओं से मुलाकात और बातचीत की. आज दूसरे दिन भी मुलाकातों का सिलसिला जारी रहेगा. आज योगी राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मिलेंगे. सूत्रों की माने तो दिल्ली में अगली सरकार के कैबिनेट की पूरा खाका तैयार किया जा रहा है.

लखनऊ विजय के बाद दिल्ली में आलाकमान के साथ मंथन का दौर चल रहा है. अगले 5 साल तक सरकार चलाने का रोडमैप बनाने के लिए बड़े-बडे़ं नेताओं के साथ योगी आदित्यनाथ की दिल्ली में मीटिंग चल रही है. दिल्ली प्रवास के दूसरे दिन भी योगी आदित्यनाथ कई बड़े नेताओं और मंत्रियों से मुलाकात करने वाले हैं.

दिल्ली दौरे पर योगी आदित्यनाथ

  • सुबह 9.30 बजे- केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात करेंगे.
  • सुबह 10.15 बजे- राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात करेंगे.
  • दोपहर 1.30 बजे- यूपी के प्रभारी धर्मेन्द्र प्रधान से मिलेंगे योगी.

इनके अलावा योगी आदित्यनाथ केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर से भी मिलेंगे. योगी की बैठकों के इस दौर के बीच प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह और संगठन मंत्री सुनील बंसल भी आज लखनऊ से दिल्ली पहुंचने वाले हैं. माना जा रहा है कि स्वतंत्र देव सिंह इस बार डिप्टी सीएम की रेस में है. कौन डिप्टी सीएम और कौन सीएम का सिपहसालार बनेगा, यही सब तय करने के लिए योगी आदित्यनाथ दिल्ली दौरे पर हैं. कल का दिन और बड़ा था. जब योगी ने शानदार जीत के बाद पहली बार दिल्ली पहुंचकर बड़े-बड़े नेताओं से मुलाकात और योगी 2.0 की नीतियों पर बात की.

कल किन किन नेताओं से मिले योगी

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
  • गृह मंत्री अमित शाह
  • रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह
  • बीजेपी चीफ जे पी नड्डा
  • केंद्रीय मंत्री बीएल संतोष

योगी ने पीएम मोदी से करीब पौने दो घंटे तक बातचीत की और उन्हें शपथ ग्रहण समारोह में आने का औपचारिक न्योता भी दिया. सूत्रों के मुताबिक लखनऊ में योगी के दूसरे कार्यकाल के लिए शपथ ग्रहण की तारीख तय हो गई है. 

होली के बाद शपथ ग्रहण!

  • 20 या 21 मार्च को शपथ ग्रहण.
  • 57 मंत्री ले सकते हैं शपथ.
  • 22-24 कैबिनेट मंत्री बन सकते हैं.
  • 7-9 स्वतंत्र प्रभार मंत्री बन सकते हैं.

शपथ ग्रहण के बाद योगी सरकार पर बड़े जनादेश के साथ आई बड़ी उम्मीदों को पूरा करने की भी चुनौती होगी. इसलिए माना जा रहा है कि आलाकमान के साथ मुलाकात में योगी ने चुनाव प्रचार में किए गए कई अहम वादे और मुद्दों पर भी चर्चा की है. मसलन आवारा पशुओं की समस्या, किसानों की सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली या फिर होली-दीवाली पर गरीबों को मुफ्त सिलेंडर देना.

This News is Updated by Khabre Fatafat
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here