यूपी चुनाव: मतगणना के समय सभी जिलों में सुरक्षा के बंदोबस्त, संवेदनशील क्षेत्रों में रहेगा कड़ा पहरा – 24×7 Khabre Fatafat

0
17

लखनऊ, इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) की सुरक्षा-व्यवस्था में लापरवाही को लेकर एक ओर जहां विपक्ष सवाल उठा रहा है तो दूसरी ओर पुलिस-प्रशासन शांतिपूर्ण मतगणना संपन्न कराने की तैयारियों में जुटा है। खास रणनीति के तहत सभी जिलों में सुरक्षा बंदोबस्त किये जा रहे हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में भी पुलिस का कड़ा पहरा रहेगा।

यूपी विधानसभा के सात चरणों का मतदान शांतिपूर्ण संपन्न कराने के बाद अब पुलिस के अंतिम परीक्षा मतगणना की है। यही वजह है कि डीजीपी मुख्यालय स्तर पर सभी जिलों में किये जा रहे बंदोबस्त पर सीधी नजर रखी जा रही है। एडीजी कानून-व्यवस्था प्रशांत कुमार का कहना है कि 10 मार्च को मतगणना के लिए 250 कंपनी केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल तैनात रहेगा। इसके अलावा 61 कंपनी पीएसी, 625 राजपत्रित पुलिस अधिकारी, 1807 निरीक्षक, 9598 उपनिरीक्षक, 11627 मुख्य आरक्षी व 48649 आरक्षी चप्पे-चप्पे पर मुस्तैद रहेंगे।

36 कंपनी केंद्रीय बल ईवीएम की सुरक्षा में तथा 214 कंपनी केंद्रीय बल मतगणना व कानून-व्यवस्था की ड्यूटी में मुस्तैद रहेगा। सभी जोन, रेंज व जिले के पुलिस अधिकारियों को मतगणना स्थल व उसके आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा प्रबंधों को लेकर कड़े निर्देश दिये गये हैं। साथ ही सभी संवेदनशील क्षेत्रों में भी अतिरिक्त पुलिस बल मुस्तैद रहेगा। मतगणना के बाद कहीं भी विजय जुलूस न निकाले जाने को लेकर भी कड़े निर्देश दिये गये हैं। कहीं किसी प्रकार की गड़बड़ी करने वालों से पूरी सख्ती से निपटे जाने के निर्देश दिये गये हैं।

मतगणना 10 मार्च की सुबह आठ बजे आरंभ होगी। इसके दृष्टिगत सभी जिलों में नौ मार्च की रात से ही पूरी मुस्तैदी बरते जाने के साथ ही संवेदनशील स्थानों पर गश्त बढ़ाने के निर्देश भी दिये गये हैं। सभी 75 जिलों व चार पुलिस कमिश्नरेट में मतगणना के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती शुरू कर दी गई है।

15465 अराजक तत्वों पर रही नजर : एडीजी ने बताया कि चुनाव के दौरान 15465 अराजक तत्वों को सूचीबद्ध कर उनके विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई करने के साथ ही उनकी गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी गई। चेकिंग में 186 अवैध शस्त्र की फैक्ट्री भी पकड़ी गईं। पुलिस ने 10277 अवैध असलहे, 232 किलोग्राम विस्फोटाक व 336 बम भी बरामद किये गये। चुनाव आचार संहिता लागू होने के बाद प्रदेश में 2220 स्थानों पर नाकेबंदी कर प्रभावी चेकिंग भी कराई गई। इस दौरान 52.64 करोड़ रुपये से अधिक रकम पकड़ी गई। 6.66 लाख रुपये नेपाली मुद्रा भी पकड़ी गई। 11.72 लाख लीटर अवैध शराब भी बरामद की गई। 16207 किलो मादक पदार्थ व 256 किलो सोना-चांदी भी बरामद की गई।

कानपुर में पकड़ी गई सर्वाधिक नकदी : चुनाव के दौरान सर्वाधिक 16.29 करोड़ रुपये से अधिक नकदी कानपुर में पकड़ी गई। वहीं 2.59 करोड़ रुपये से अधिक कीमत का सर्वाधिक सोना-चांदी बरेली में पकड़ा गया। वहीं सर्वाधिक शराब मथुरा में तथा मादक पदार्थ आगरा में पकड़ा गया।

This News is Updated by Khabre Fatafat
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here