रूस- यूक्रेन युद्ध: पुतिन ने कहा- सबक सिखाए बगैर नहीं रुकेंगे हमले, जेलेंस्की ने पलटवार करते हुए कही यह बात – 24×7 Khabre Fatafat

0
27

कीव, यूक्रेन में इमारतें खंडहर में तब्दील हो रही हैं तो हवा में घुली बारूद बाशिंदों में बेचैनी पैदा कर रही है। बच्चे और बुजुर्गों का बुरा हाल है, औरतें भी रात-दिन के धमाकों से हलकान हैं। यूक्रेन में छिड़ी लड़ाई का अंत फिलहाल नजर नहीं आ रहा है। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से बातचीत में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने साफ कह दिया है कि यूक्रेन को सबक सिखाए बगैर हमले नहीं रुकेंगे। यूक्रेन को हथियार मुक्त करने से कम में युद्ध नहीं रुकेगा। यूक्रेन को तटस्थ भूमिका में आना होगा।

इस बीच गुरुवार को भी रूसी हमलों से यूक्रेन के शहर थर्राते रहे। राजधानी कीव को चारों ओर से घेरकर आगे बढ़ रही रूसी सेना को हर कदम पर कड़े प्रतिरोध का सामना करना पड़ रहा है। सेना के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आमजन रूसी सैनिकों का मुकाबला कर रहे हैं। नागरिकों के हताहत होने का यह भी एक बड़ा कारण है। दूसरे बड़े शहर खारकीव में भीषण लड़ाई छिड़ी हुई है। एक बार दाखिल होकर बाहर हुई रूसी सेना यहां पर पूरी बेरहमी से हमले कर रही है। गोलाबारी और बमबारी से इस शहर में बीते 24 घंटे में 34 लोग मारे गए हैं।

बालाक्लीया पर रूस का कब्जा!

इस बीच बालाक्लीया शहर पर रूसी सेना का कब्जा होने की खबर है। रूस के हमले तेज होने से यूक्रेनी शहरों से पलायन भी तेज हुआ है। संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी संगठन के अनुसार अभी तक दस लाख से ज्यादा लोग देश से बाहर जा चुके हैं। इनमें से करीब आधे लोग पोलैंड गए हैं।

जेलेंस्की का बड़ा एलान

इस बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने एलान किया है कि अब उनकी सेना बचाव नहीं रूसी सेना पर हमला करेगी। उन्होंने लोगों से रूसी सेना पर गुरिल्ला हमले करने का आह्वान किया है। बदली रणनीति में रूसी सेना ने अब समुद्र तटीय शहरों पर हमले बढ़ा दिए हैं। बड़े बंदरगाह वाले शहर ओडेसा को घेरकर काला सागर और जमीन से हमले हो रहे हैं। समुद्र के किनारे बसे खेरसोन पर रूसी सेना ने पूरी तरह से कब्जा कर लिया है। प्रमुख स्थानों पर कब्जे के बावजूद वहां छिटपुट लड़ाई जारी थी, लेकिन गुरुवार को वह लड़ाई भी खत्म हो गई। खेरसोन में रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बंदरगाह है। अजोव सागर के तट पर स्थित मारीपोल शहर में भीषण लड़ाई के बीच रूस समर्थित विद्रोहियों ने यूक्रेन के सैनिकों से आत्मसमर्पण के लिए कहा है। समर्पण न करने पर भयंकर दुष्परिणाम की चेतावनी दी है।

चार्निहीव में 33 की मौत की खबर

आइजियम शहर में भी भारी बमबारी से दो बच्चों समेत आठ लोगों की मौत हुई है। चार्निहीव शहर पर हुई रूसी बमबारी में 33 लोगों के मारे जाने की खबर है। स्थानीय प्रशासन को मारे गए लोगों के शव मिल गए हैं। इससे पहले रीजनल गवर्नर ने बताया था कि दो स्कूलों और एक घर पर हमला हुआ है। यूक्रेन में ओडेसा बंदरगाह के निकट एस्टोनिया का मालवाहक जहाज लड़ाई का शिकार होकर डूब गया। इसके कुछ घंटे बाद ओलविया बंदरगाह पर बांग्लादेश का जहाज भी रूसी मिसाइल का शिकार हो गया। इसके कारण जहाज के चालक दल के सदस्य की मौत हो गई।

This News is Updated by Khabre Fatafat
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here