न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर
Published by: उदित दीक्षित
Updated Thu, 17 Feb 2022 10:47 AM IST
सार
प्रदेश के दस जिलों की जेलों में बंदी कैंटीन की शुरुआत की गई है। इन कैंटीनों से जेलों में बंद कैदी हर महीने साढ़े तीन हजार रुपए की खरीदारी कर सकेंगे। मंत्री आंजना ने कहा कि इस मॉडल को राज्य की सभी 140 जेलों में जल्द ही लागू किया जाएगा।
ख़बर सुनें
विस्तार
सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना ने केंद्रीय कारागार जयपुर में कॉनफैड द्वारा बंदियों के लिए संचालित की जाने वाली बंदी कैंटीन का उद्घाटन किया। इसी के साथ सीकर, श्रीगंगानगर, भीलवाड़ा, धौलपुर, कोटा, चित्तौड़गढ़, भरतपुर, दौसा और कोटपूतली जेल में बनी कैंटीन का वर्चुअल तरीके से उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि छह महीने में कैंटीन के संचालन की समीक्षा की जाएगी और सुझाव आमंत्रित किए जाएंगे। इसके आधार पर कैंटीन में और सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। साथ ही इस मॉडल को राज्य की सभी जेलों में शुरू किया जाएगा।
इस मौके पर कारागार मंत्री टीकाराम जूली ने बंदियों की मांग पर कैंटीन से सामान खरीदने की सीमा को 2500 रुपए से बढ़ाकर 3500 रुपए करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सहकारिता उपभोक्ता भंडारों द्वारा संचालित की जाने वाली इन कैंटीनों में अच्छी क्वालिटी का सामान उपलब्ध कराया जाएगा। इस मौके पर उन्होंने कैदियों से बात कर उनकी समस्याएं भी सुनी।
जेलों में बंद कैदी आदतन अपराधी नहीं
महानिदेशक पुलिस जेल भूपेन्द्र कुमार दक ने कहा कि प्रदेश की 140 जेलों में करीब 23 हजार बंदी है। इन जेलों के निरीक्षण के दौरान सामने आया कि बड़ी संख्या में बंदी आदतन अपराधी नहीं है। उनके अंदर अच्छे कार्यों की मनोवृति को विकसित करने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं, इससे वे समाज में आत्मसम्मान के साथ जीवन जी सके। उन्होंने कहा कि कैदियों को गुणवतापूर्ण सामग्री के लिए कॉनफैड और जेल प्रशासन का यह प्रयास कैदियों के लिए सुविधा जनक साबित होगा।
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

















