उत्तराखंड में मौसम का बदला मिजाज, पहाड़ों में बर्फबारी और मैदानों में बारिश से बढ़ी ठण्ड – 24×7 Khabre Fatafat

0
25

देहरादून, उत्तराखंड में मौसम के बदले मिजाज के बीच पहाड़ों में भारी हिमपात और मैदानों में हल्की बारिश का क्रम जारी है। उत्तराखंड के ज्यादातर पहाड़ी इलाके बर्फ से लकदक हो गए हैं। जबकि, मसूरी के आसपास की चोटियों पर भी सीजन का पहला हिमपात हुआ है। केदारनाथ में तीन फीट तक बर्फ जम गई है। पहाड़ी जिलों में बर्फबारी के बाद दर्जनों गांव का संपर्क कट गया है। इधर, मैदानों में बारिश के चलते पारे में पांच से आठ डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। जिससे समूचा उत्तराखंड कड़ाके की ठंड की चपेट में है। मौसम विभाग के मुताबिक आज भी प्रदेश में बारिश और बर्फबारी की आशंका है।

मंगलवार को करवट बदलने के बाद से उत्तराखंड के ज्यादातर इलाकों में बारिश और बर्फबारी का क्रम रुक-रुककर जारी है। बुधवार को सुबह से मैदानों में हल्की बारिश का सिलसिला चला रहा। जबकि, पहाड़ों मे दोपहर बाद भारी हिमपात हुआ। उत्तरकाशी जनपद के सीमांत क्षेत्र में भारी बर्फबारी के कारण 20 से अधिक गांव अलग-थलग पड़ गए हैं। अधिकांश गांवों में बिजली की आपूर्ति और संचार सेवा ठप हो गई है। हर्षिल घाटी में करीब दो फीट से अधिक बर्फ की चादर जम चुकी है। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग सुक्की से गंगोत्री तक (35 किलोमीटर क्षेत्र) बंद हो गया है। रुद्रप्रयाग जिले में लगातार हो रही बर्फबारी से केदारनाथ में तीन फीट बर्फ जम गई है। इसके अलावा मद्महेश्वर, तुंगनाथ, चोपता, चिरबटिया, दुगलविट्टा, चन्द्रशिला, देवरियाताला, सारी, कार्तिक स्वामी समेत आदि अनेक स्थानों पर जमकर बर्फबारी हुई। चमोली जिले में भारी बर्फबारी के साथ बारिश के चलते कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है। जिले के 15 से अधिक गांव बर्फ से घिर गए हैं।

औली, गोरसों, ब्रह्मताल, बदरीनाथ, नीती माणा घाटी व हेमकुंड साहिब में बर्फबारी के बाद यहां के नजारे देखने लायक हैं। मसूरी और नैनीताल में दिनभर हल्की बारिश होती रही। जबकि, आसपास के ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात हुआ। मसूरी के पास नाग टिब्बा, सुरकंड़ा समेत अन्य पहाड़ि‍यों पर सीजन का पहला हिमपात हुआ। कुमाऊं में बागेश्वर जिले की ङ्क्षपडारी चोटी पर हिमपात के बाद आसपास के गांव बर्फ से लकदक हो गए। पिथौरागढ़ जिले की सीमांत तहसील मुनस्यारी के साथ ही ऊंची चोटियों पंचाचूली, हंसङ्क्षलग और राजरंभा में पूरे दिन हिमपात होता रहा।

पारा आठ डिग्री सेल्सियस तक लुढ़का

बारिश-बर्फबारी के कारण प्रदेशभर में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। दून समेत कई मैदानी इलाकों में पारा पांच से आठ डिग्री सेल्सियस गिर गया है। जबकि, पहाड़ों में अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि, न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक प्रदेश में आज भी मौसम का मिजाज बदला रहेगा। उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हिमपात के आसार हैं, जबकि निचले इलाकों में बारिश हो सकती है। राज्य में शीत दिवस की स्थिति को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।

This News is Updated by Khabre Fatafat
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here