
रिपोर्टर राजेश कुशवाह सरमथुरा धौलपुर
सरमथुरा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बदमाश के पास से 315 बोर का देशी कट्टा और एक कारतूस बरामद किया है। बदमाश ने बाइक चोरी के इरादे से युवक पर फायरिंग की थी*
थाना प्रभारी कृपाल सिंह ने बताया कि 17 अगस्त को कस्बे के रहने वाले राम कुमार ने थाने में मामला दर्ज कराया था। मामले में बताया गया था कि आधी रात को उसके घर में बाइक चोरी की नीयत से घुसे एक बदमाश ने फायरिंग कर उसके भाई को घायल कर दिया था। थाने में मामला दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी। थाना प्रभारी ने बताया कि साइबर टीम धौलपुर और कॉन्स्टेबल सुमर सिंह ने मुखबिर की मदद से फायरिंग के आरोपी की पहचान चांद खान पुत्र मुन्ना खान निवासी सरमथुरा के रूप में की। आरोपी की पहचान होने के बाद मंगलवार को उसके महाकालेश्वर मंदिर के पास होने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना के समय इस्तेमाल में लिया गया 315 बोर के देशी कट्टा और एक कारतूस को बरामद किया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी चांद खान आदतन अपराधी है। जिस पर पूर्व में पॉस्को, दुष्कर्म, नकबजनी और चोरी जैसे आधा दर्जन मामले दर्ज थे। हत्या के प्रयास के मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपों से पुलिस पूछताछ कर रही है। जिससे और भी कई वारदातों को लेकर खुलासा किया जा सकता है।
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

















