न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सीकर
Published by: उदित दीक्षित
Updated Thu, 05 May 2022 07:00 AM IST
सार
कोरोना काल में जीवनसाथी खोने वाली बहू की सास-ससुर ने दूसरी शादी करा दी। उन्होंने अपनी बहू को बेटी की तरह सजाया और सारी रश्में निभाते हुए कन्यादान किया। शगुन के रूप में उन्होंने अपनी बहू को 2.10 लाख की एफडी भी दी है।
ख़बर सुनें
विस्तार
राजस्थान के सीकर जिले में सास-ससुर ने अपनी बहू की शादी करा दी। उन्होंने अपनी बहू को बेटी की तरह सजाया और सारी रश्में निभाते हुए कन्यादान किया। शगुन के रूप में उन्होंने अपनी बहू को 2.10 लाख की एक एफडी भी कराकर दी है। आइए जानते हैं समाज के लिए एक नया उदाहरण बनी इस शादी की कहानी को…
दरअसल, बात 2003 की है। श्रीमाधोपुर के पुष्पनगर के रहने वाले रमेश सोनी के बेटे मुकेश सोनी की शादी पूजा से हुई थी। पूजा लोसल इलाके के रहने वाले शिवभगवान की बेटी हैं। मुकेश पिछले साल कोरोना महामारी के चपेट में आ गया। कुछ दिन चले इलाज के बाद उसकी मृत्यु हो गई। इसके बाद से पूजा शांत-शांत रहने लगी थी। ऐसे में सास-ससुर ने अपनी बहू को एक नई शुरुआत करने के लिए कहा, और उसकी शादी के लिए लड़का देखना शुरू कर दिया।
कुछ दिन बाद परिचितों के जरिए पूजा के ससुर रमेश सोनी की मुलाकात जयपुर के रहने वाले नागरमल सोनी से हुई। उनके बेटे कैलाश की पत्नी का भी पिछले साल निधन हो गया था। आपस में चर्चा करने के बाद परिवार वालों ने पूजा और कैलाश की मुलाकात कराई।
बीते मंगलवार को सीकर के रैवासा धाम में जानकी नाथ मंदिर में स्वामी राघवाचार्य ने कैलाश और पूजा की शादी संपन्न कराई। शादी का आयोजन साधारण तरीके से किया गया। इसमें सिर्फ दोनों परिवार के लोग ही शामिल हुए। कन्यादान के दौरान पूजा के सास और ससुर ने उसे 2.10 लाख की एफडी शगुन में दी। पूजा की एक साल की बेटी भी है। वह अपनी मां के साथ ही रहेगी।
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

















